Kalyanam Karoti Lucknow

Kalyanam Karoti Lucknow Kalyanam Karoti Lucknow is a well known name as a NGO,engaged primarily in the field of eradication of blindness and service to physically handicapped.

When you see poor old aged people who are suffering from eye diseases, where do you turn?. When you see physically disabled people, you help them by sending them to KALYANAM KAROTI LUCKNOW. And you know those person will be helped and cared by compassionate people. Kalyanam Karoti is registered under the Societies of Registration Act 1862 and in FCRA donations given to Kalyanam Karoti Lucknow are

exempt from Income Tax under section 80G of the Income Tax 1961. Thanks to you all. We along with our caregivers have touched life of thousands. Please continue to help as your donations will make a world of difference in people's lives.

इंडियन ऑयल के सीएसआर सहयोग से अयोध्या में अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पणहजारों जरूरतमंद मरीजों के लिए विश...
09/08/2026

इंडियन ऑयल के सीएसआर सहयोग से अयोध्या में अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण

हजारों जरूरतमंद मरीजों के लिए विश्वस्तरीय नेत्र उपचार का नया द्वार खुला

अयोध्या, 07 अगस्त 2026।
अंधता निवारण के पावन संकल्प को साकार करने की दिशा में आज अयोध्या ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के उदार सीएसआर सहयोग से श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, अयोध्या में अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण एक भव्य एवं गरिमामयी समारोह में सम्पन्न हुआ। यह पहल न केवल तकनीकी उन्नयन का प्रतीक है, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की सच्ची प्रतिबद्धता का भी परिचायक है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री लक्ष्मीपति बोज्जा, महाप्रबंधक (सीएसआर), प्रधान कार्यालय, इंडियन ऑयल, मुंबई ने अपने कर-कमलों द्वारा उपकरणों का लोकार्पण करते हुए कहा कि “इंडियन ऑयल का उद्देश्य केवल ऊर्जा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज को सशक्त बनाना भी है। स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से वंचित वर्गों तक आशा की रोशनी पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।”

इस अवसर पर श्री बी. एल. पाल, मुख्य प्रबंधक (एचआर–सीएसआर), इंडियन ऑयल, लखनऊ, श्री राकेश रौशन, मुख्य प्रबंधक (सीएसआर), प्रधान कार्यालय, मुंबई तथा श्री संजीव राय की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

संस्था के महामंत्री श्री राष्ट्रगौरव शर्मा ने इंडियन ऑयल के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “इन आधुनिक उपकरणों के जुड़ने से अब ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हजारों नेत्र रोगियों को उच्च स्तरीय जांच एवं उपचार की सुविधा सुलभ हो सकेगी।”

इंडियन ऑयल टीम के आगमन के उपलक्ष्य में आयोजित “ज्योति महायज्ञ” निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 19 निर्धन मरीजों के सफल निःशुल्क ऑपरेशन सम्पन्न किए गए, जो इस सेवा संकल्प की जीवंत अभिव्यक्ति है।

महाप्रबंधक श्री डी. एन. मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि चिकित्सालय निरंतर अंधता निवारण के मिशन में समर्पित है और इस प्रकार का सहयोग समाज के अंतिम व्यक्ति तक उपचार पहुंचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल अयोध्या सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान सिद्ध होगी।

उल्लेखनीय है कि कल्याणम करोति, लखनऊ द्वारा संचालित यह चिकित्सालय वर्षों से निःस्वार्थ सेवा भाव के साथ लाखों नेत्र रोगियों को उपचार प्रदान करता आ रहा है। अत्याधुनिक उपकरणों के समावेश से अब यहां और भी सटीक, त्वरित एवं विश्वस्तरीय नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में नेत्र रोगियों सहित उमा दत्त मिश्र, उदयभान पाठक, हनुमान मिश्र, वीरेन्द्र यादव, डॉ. डी. पी. तिवारी, डॉ. पारिजात शुक्ला, डॉ. श्वेता वर्मा, डॉ. आकांक्षा अग्रवाल, लक्ष्मण तिवारी, शिवम श्रीवास्तव, शिवम कुमार, सुशील साहू, रामकृपाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनों के प्रति हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया गया। यह आयोजन सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लौह पुरुष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय श्री चंद्रभानु गुप्ता जी की 125वीं जयंती पर समाजसेवी संस्...
16/07/2026

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लौह पुरुष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय श्री चंद्रभानु गुप्ता जी की 125वीं जयंती पर समाजसेवी संस्था कल्याणं करोति ने सेवा को ही सच्ची श्रद्धांजलि मानते हुए विविध जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जानकीपुरम लखनऊ में वृद्ध मित्र संस्था के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम मानवीय संवेदना का सजीव उदाहरण बन गया, जब वृद्ध एवं असक्त जनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। श्री मनीष कपूर एवं श्री संजय मिश्र के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा कार्य में 10 व्हीलचेयर, 14 वॉकर, 7 कमोड चेयर, 100 डायपर पैकेट, 1 सिलाई मशीन,21छड़ी तथा 11 बैक बेल्ट प्रदान किए गए। विशेष रूप से एक दुर्घटनाग्रस्त नवविवाहिता, जो लकवाग्रस्त(कमर का हिस्सा औऱ पैर )हो गई है, को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन भेंट की गई—यह क्षण उपस्थित सभी जनों के लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक रहा। इस अवसर पर विधायक श्री नीरज बोरा, स्थानीय पार्षद सहित अन्य विशिष्ट जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इसी क्रम में श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, अयोध्या द्वारा 7 से 21 जुलाई तक “चंद्रभानु गुप्ता स्मृति पखवाड़ा” के अंतर्गत सेवा का उजाला निरंतर फैलाया जा रहा है। इंडियन ऑयल के सहयोग से सचल नेत्र परीक्षण वाहन द्वारा “हर बच्चा देखे उज्ज्वल भविष्य” अभियान के तहत माध्यमिक विद्यालयों में व्यापक नेत्र परीक्षण किया जा रहा है। अब तक लगभग 1000 बच्चों की आँखों की जाँच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया है—मानो उनके भविष्य को नई रोशनी मिल रही हो।

इसके साथ ही 14 से 28 जुलाई तक “ज्योति महायज्ञ” के अंतर्गत निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 101 नेत्र ऑपरेशन का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान उन जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण है, जो आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित रह जाते हैं।

श्रद्धेय गुप्ता जी की स्मृति में “एक वृक्ष श्री चंद्रभानु जी के नाम” अभियान के अंतर्गत 13-14 जुलाई को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर संस्था ने यह संकल्प लिया कि वृक्ष केवल लगाए ही नहीं जाएंगे, बल्कि उनका संरक्षण और पालन-पोषण भी पूर्ण तन्मयता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि यह हरियाली आने वाली पीढ़ियों के जीवन में प्राणवायु बनकर बनी रहे।

महामंत्री श्री राष्ट्रगौरव शर्मा ने मोतीमहल स्थित मुख्यालय में श्रद्धेय गुप्ता जी के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके सेवा, त्याग और जनकल्याण के आदर्शों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि कल्याणं करोति के प्रत्येक सेवा कार्य में गुप्ता जी की प्रेरणा सजीव रूप में विद्यमान है, और संस्था सदैव उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सहायता पहुँचाने के लिए संकल्पित रहेगी।

यह सम्पूर्ण आयोजन केवल एक औपचारिक श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और मानवीय संवेदना के माध्यम से उनके आदर्शों को जीवंत रखने का एक सशक्त प्रयास है।

श्रद्धा, सेवा और प्रेरणा का अद्वितीय संगम — “चंद्रभानु गुप्ता स्मृति पखवाड़ा” का शुभारंभकल्याणम करोति के प्रेरणास्त्रोत,...
08/07/2026

श्रद्धा, सेवा और प्रेरणा का अद्वितीय संगम — “चंद्रभानु गुप्ता स्मृति पखवाड़ा” का शुभारंभ

कल्याणम करोति के प्रेरणास्त्रोत, उत्तर प्रदेश के “लौह पुरुष” श्रद्धेय श्री चंद्रभानु गुप्ता जी के पावन जन्मदिवस 14 जुलाई के उपलक्ष्य में आज 7 जुलाई से “चंद्रभानु गुप्ता स्मृति पखवाड़ा” (7-21 जुलाई )का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, भावनाओं एवं प्रेरणा से ओतप्रोत वातावरण में किया गया। यह पखवाड़ा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और समाज के प्रति समर्पण की जीवंत अभिव्यक्ति है।

इस पखवाड़े के अंतर्गत अयोध्या एवं आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इंडियन ऑयल द्वारा प्रदत्त सचल नेत्र परीक्षण वाहन के माध्यम से कल्याणम करोति द्वारा संचालित श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय की प्रशिक्षित चिकित्सा टीम बच्चों की नेत्र जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करेगी। यह पहल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम है।

पखवाड़े के प्रथम दिवस अयोध्या क्षेत्र स्थित श्रीमती कौशल किशोरी माध्यमिक विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहाँ नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने श्रद्धेय चंद्रभानु गुप्ता जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति अपनी कृतज्ञता एवं श्रद्धा व्यक्त की। पूरे वातावरण में सम्मान, संस्कार और प्रेरणा की अनुभूति स्पष्ट रूप से झलक रही थी।

इस विशेष पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उनके विचारों को अभिव्यक्ति देने हेतु वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में सामाजिक चेतना, सृजनात्मकता एवं राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।

संस्था का मुख्य उद्देश्य है कि श्रद्धेय गुप्ता जी के आदर्शों, उनके दूरदर्शी व्यक्तित्व एवं समाज सेवा के प्रति उनके अतुलनीय समर्पण को नई पीढ़ी तक पहुँचाया जाए। शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनकी गहरी रुचि तथा जीवनपर्यंत उनके द्वारा किए गए प्रयास आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।

उनका पुण्य स्मरण करते हुए 14 से 28 जुलाई तक निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन भी श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय अयोध्या में किया जा रहा है। लखनऊ में भी दिव्यांग जनों औऱ वृद्धजनों को सहायक उपकरण प्रदान किये जायेंगे तथा वृद्ध जनों को उस दिन सैर (पिकनिक )पर ले जाने की भी व्यवस्था की जाएगी 🙏

“चंद्रभानु गुप्ता स्मृति पखवाड़ा” श्रद्धांजलि का वह पावन माध्यम है, जो सेवा, संस्कार और संवेदनाओं को एक सूत्र में पिरोकर समाज में नई जागरूकता एवं प्रेरणा का संचार कर रहा है।

04/07/2026
पूज्य श्री पंजाबी बाबा जी नित्यधाम पधार गये। सेवा, साहचर्य, समर्पण और साधुता की आधी शताब्दी तक चलने वाली एक गाथा जैसे पू...
03/07/2026

पूज्य श्री पंजाबी बाबा जी नित्यधाम पधार गये। सेवा, साहचर्य, समर्पण और साधुता की आधी शताब्दी तक चलने वाली एक गाथा जैसे पूरी हो गयी।

श्रीपंजाबी जी महाराज एक प्रतिमान हैं। अपनी मर्यादा में जीते हुए सामने वाले को उसकी मर्यादा का सहज स्मरण कराते हुए उन्होंने एक स्मरणीय पारी निभायी।

सम्भवतः १९७६ में अपने नवयौवन काल में श्री पंजाबी जी महाराज अयोध्या आये। अनन्तश्री सम्पन्न पूज्य महान्त श्री नृत्यगोपाल दास जी महाराज के पारस-परस का चमत्कार ही कहेंगे कि अच्छी शिक्षा से युक्त अँगरेजीभाषी एक पंजाबी युवक ने शरणागति का ऐसा निर्वाह किया कि आज एक उज्ज्वल कथा के रूप में उनका जीवन हमारे सम्मुख है। सेवा और समर्पण का बल ऐसा था कि एक लम्बे कालखण्ड तक श्री पंजाबी जी श्रीछावनी पीठाधीश्वर के मन-मष्तिष्क बनकर रहे। अयोध्या जानती थी कि पंजाबी बाबा को राजी करने का अर्थ है श्रीमहाराज जी को राजी करना।

श्रीमणिरामदास छावनी सेवा ट्रस्ट के सचिव के रूप में प्रभाव के शिखर पर रहते हुए भी श्रीपंजाबी बाबा की साधु-रहनि नहीं बदली।

प्रायः आठ गुणा आठ का कक्ष, एक चौकी पर बिछा हुआ कम्बल और अपनी माला-सुमिरनी ही उनका वैभव रहा। दो धोतियाँ रखते, एक पहनते तो दूसरी धुली जाती। अधिक होते ही किसी को देकर मुक्त हो लेते। कोई सम्पत्ति, बैंक खाता अथवा सामाजिक व्यवहार कभी नहीं किया। भण्डारा पाने जाने तक का भी व्यवहार नहीं। उनके दर्शन करते हुए उनके धवल वेष से मानो उनकी आन्तरिक शुभ्रता छलकती थी।

अभी-अभी श्रीछावनी पीठाधीश्वर महाराजश्री का ८८वाँ जन्मोत्सव मनाया गया। मुझे कथा की सेवा प्राप्त हुई। श्री पंजाबी बाबा नित्य पूरे समय में कथा में विराजे। लोगों ने हमसे कहा कि यह आश्चर्य है। उन्होंने कभी इतना समय किसी कथा-प्रवचन में नहीं दिया। लगा कि वे जैसे पूरा कर रहे थे सब कुछ।

उनकी इस उदारता से अभिभूत एक दिन उनके आसन पर प्रणाम करने गया। श्रीमिथिलाबिहारी दास जी ने उन्हें पूर्व सूचित कर दिया था। वे द्वार खोलकर प्रतीक्षा में करबद्ध खड़े मिले। मैं उनकी इस साधुता से विगलित हो गया। छोटी सी कोठरी, जिसके सामने की सड़क अब उसकी फर्श से भी ऊँची हो गयी है। उसमें वे रहते हैं दीर्घकाल से। जैसा रहन-सहन अब विकसित हो चला है, उसका ध्यान करने पर उसमें किसी के निवास का चिह्न नहीं दीखने जैसी स्थिति। हाथ पकड़कर हठात् अपने साथ बिठाया। कुछ बातें कहीं अपने मन की। सबका निष्कर्ष एक ही था कि बहुत व्यतीत हो चुका थोड़ा ही शेष है, इसे भी प्रभु ऐसे ही पार कर दें।

मैं सोचता रहा, अयोध्या के गौरवभूत और अपने वैभव के लिए विख्यात आश्रम का नियामक-प्रबन्धक, जिसके हाथ में सैकड़ों-सहस्रों लोगों का भोजन-आवास रहा है, वह स्वयं कैसे निष्किञ्चन वृ्त्ति से रहता है।

जो जीवन को पुस्तकों में खोजने के अभ्यासी हो चले हैं, उनके लिए श्री पंजाबी बाबा का जीवन एक पाठ है। कि चरित्र केवल कथाओं में नहीं अपितु अपनी स्वीकार की हुई प्रतिज्ञाओं में प्रत्यक्ष होता है।

अठत्तर वर्ष की जीवनावधि के पचास से अधिक वर्ष गुरुदेव और इष्ट की निष्ठा में ढालकर श्रीपंजाबी बाबा ने जो चरित्र प्रकट किया है, वह अयोध्या की दिव्यता का प्रकाश बन गया है। एक बड़ा समाज है सन्तों-साधकों और सद्गृहस्थों का, जिसने इस प्रकाश से अपने अँधेरे पार किये हैं।

आज जब यह चरित्र-कथा विश्राम ले रही है, तो पूज्य पंजाबी बाबा जी महाराज के चरणों में बारम्बार प्रणति- निवेदन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धाञ्जलि।

Maithili Raman Sharan
राधेश्याम शास्त्री जी महाराज
M B Das

पूजन,अर्चन,हवन के साथ मनाई गई स्व० गजेंद्र दत्त नैथानी जी की 19वीं पुण्यतिथिलखनऊ।राष्ट्रीय स्वयंसेवक के वरिष्ठ रहे स्व० ...
29/06/2026

पूजन,अर्चन,हवन के साथ मनाई गई स्व० गजेंद्र दत्त नैथानी जी की 19वीं पुण्यतिथि
लखनऊ।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक के वरिष्ठ रहे स्व० गजेंद्र दत्त नैथानी जी की 19वीं पुण्यतिथि के पावन अवसर पर दिनांक 27 जून को सुल्तानपुर रोड स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निकट निर्माणाधीन गजेंद्र दत्त नैथानी स्मारक दीनबंधु नेत्रालय परिसर में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर विधिवत पूजन एवं हवन कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने पुण्यात्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष भारत दीक्षित जी सहित अशोक तिवारी जी, शिव प्रकाश सेनानी जी, ए.पी. सिंह, मनीष कपूर, संजय शुक्ला, संजय मिश्रा, राजेश अग्रवाल, श्री शिव प्रकाश पाठक, शिवम् कुमार, सुशील साहू, अनिल कुमार, दिलीप कुमार, अंकुर कुमार तथा अनेक स्थानीय गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर स्व० नैथानी जी की स्मृति में भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए श्रद्धेय नैथानी जी को समर्पित गऊ सेवा का संकल्प भी पूर्ण किया गया। इस क्रम में श्रद्धालु स्थानीय गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गऊ माता एवं नंदी जी को गुड़, चना, चोकर आदि खिलाकर सेवा कार्य किया।

कार्यक्रम के दौरान सभी आगंतुक जनों ने गजेंद्र दत्त नैथानी जी को समर्पित निर्माणाधीन आधुनिक 200 बेडेड चिकित्सालय की प्रगति पर संतोष जताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की तथा इस पुनीत कार्य को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।जिला विकास अधिकारी ने अपनी टीम के साथ पहुँच कर निर्माण कार्य का अवलोकन किया।

कार्यक्रम का आयोजन गजेंद्र दत्त नैथानी स्मारक दीनबंधु नेत्रालय ट्रस्ट एवं कल्याणम करोति परिवार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने स्व० नैथानी जी के सेवा, समर्पण एवं सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

🙏 भावपूर्ण श्रद्धांजलि 🙏श्रद्धेय स्व० श्री गजेन्द्र दत्त नेथानी जी की 19वीं पुण्यतिथि के पावन अवसर पर आयोजित पूजन एवं हव...
27/06/2026

🙏 भावपूर्ण श्रद्धांजलि 🙏
श्रद्धेय स्व० श्री गजेन्द्र दत्त नेथानी जी की 19वीं पुण्यतिथि के पावन अवसर पर आयोजित पूजन एवं हवन कार्यक्रम में आप सपरिवार सादर आमंत्रित हैं।
आइए, श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी पावन स्मृतियों को नमन करें तथा इस आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनें।
🗓 तिथि: 27 जून 2026 (शनिवार)
🕙 समय: प्रातः 10:00 बजे
📍 स्थान:
गजेन्द्र दत्त नेथानी स्मारक
दीनबन्धु नेत्रालय (निर्माणाधीन)
निकट पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, सुलतानपुर रोड, लखनऊ
आपकी गरिमामयी उपस्थिति हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत होगी।
सादर निवेदक:
गजेन्द्र दत्त नेथानी स्मारक
दीनबन्धु नेत्रालय ट्रस्ट
एवं कल्याणम् करोति परिवार
# श्रद्धांजलि #पुण्यतिथि #पूजन #हवन

ग्रामीण नेत्र रोगियों के लिए आधुनिक रैन बसेरे का भूमि पूजन सम्पन्नअयोध्या।कल्याणम करोति के मुख्य संरक्षक परम पूज्य महंत ...
26/06/2026

ग्रामीण नेत्र रोगियों के लिए आधुनिक रैन बसेरे का भूमि पूजन सम्पन्न

अयोध्या।

कल्याणम करोति के मुख्य संरक्षक परम पूज्य महंत श्री नृत्यगोपाल दास जी महाराज के 88वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर एक सेवा भाव से ओतप्रोत आयोजन संपन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर परम पूज्य महंत श्री कमल नयन शास्त्री जी एवं अन्य संतजन के करकमलों द्वारा श्री मणिराम दास छावनी सेवा ट्रस्ट तथा कल्याणम करोति, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में संचालित श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, अयोध्या में प्रस्तावित आधुनिक रैन बसेरे हेतु विधिविधान से भूमि पूजन वर्तमान परिसर में संपन्न किया गया।

यह रैन बसेरा विशेष रूप से उन ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले नेत्र रोगियों एवं उनके सहयोगियों के लिए प्रस्तावित है, जिन्हें उपचार के दौरान रात्रि विश्राम के लिए अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अक्सर मरीजों को खुले में या असुविधाजनक परिस्थितियों में रात बितानी पड़ती थी, जिससे उनकी पीड़ा और बढ़ जाती थी। इसी मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए एक सुसज्जित, सुरक्षित एवं आधुनिक रैन बसेरे के निर्माण का संकल्प लिया गया।

इस पुनीत कार्य हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 55 लाख रुपये की महत्वपूर्ण अनुदान राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से प्रथम किश्त के रूप में 27 लाख रुपये अवमुक्त भी किए जा चुके हैं। इस रैन बसेरे के निर्माण से न केवल रोगियों को सुरक्षित आश्रय मिलेगा, बल्कि चिकित्सालय की सेवा गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

कल्याणम करोति के महामंत्री राष्ट्रगौरव शर्मा ने बताया कि परम पूज्य महंत श्री नृत्यगोपाल दास जी महाराज की सद्प्रेरणा एवं परम पूज्य कमल नयन शास्त्री जी के कुशल मार्गदर्शन में संचालित इस चिकित्सालय ने अब तक 12 लाख से अधिक नेत्र रोगियों का परीक्षण किया है तथा 2.52 लाख से अधिक सफल नेत्र ऑपरेशन कर समाज के प्रति अपनी सेवा प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है।दो तल के रैन बसेरे में कैंटीन, प्रसाधन सहित, बडे हाल का निर्माण होगा।

इस अवसर पर महाप्रबंधक डी. एन. मिश्र, उदयभान पाठक, अजय मिश्र, संजय शुक्ल, राष्ट्रगौरव शर्मा, वीरेंद्र यादव, रामकृपाल शर्मा, लक्ष्मण तिवारी, हनुमान मिश्र, डी. डी. सिंह, सुशील साहू सहित चिकित्सालय का समस्त स्टाफ एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह रैन बसेरा न केवल एक निर्माण परियोजना है, बल्कि यह सेवा, संवेदना और समर्पण का सजीव प्रतीक बनकर आने वाले समय में हजारों जरूरतमंदों के लिए राहत और सम्मानजनक सुविधा का आधार बनेगा।

🧘‍♀️ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ! 🌿योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीव...
21/06/2026

🧘‍♀️ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ! 🌿
योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन की ओर एक सकारात्मक कदम है। आइए इस योग दिवस पर संकल्प लें कि हम योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वयं को स्वस्थ, ऊर्जावान और खुशहाल बनाएँगे।
योग अपनाएँ, तनाव दूर भगाएँ और जीवन में सकारात्मकता का संचार करें। 🌱✨
Kalyanam Karoti, Lucknow की ओर से आप सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ।
📞 +91 77068 42804
🌐 www.kalyanamkarotilucknow.org⁠�
📧 [email protected]
🌿🧘‍♂️✨

विश्व नेत्रदान दिवस हमें मानवता की एक ऐसी अनमोल सेवा की याद दिलाता है, जो मृत्यु के बाद भी जीवन में प्रकाश भर सकती है। न...
10/06/2026

विश्व नेत्रदान दिवस हमें मानवता की एक ऐसी अनमोल सेवा की याद दिलाता है, जो मृत्यु के बाद भी जीवन में प्रकाश भर सकती है। नेत्रदान एक महान दान है, जिसके माध्यम से दृष्टिहीन व्यक्ति को नई रोशनी और आत्मनिर्भर जीवन मिल सकता है।

भारत सहित विश्वभर में लाखों लोग कॉर्निया संबंधी समस्याओं के कारण दृष्टि से वंचित हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति नेत्रदान का संकल्प ले, तो इस अंधकार को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। नेत्रदान की प्रक्रिया सरल, सुरक्षित और पूर्णतः सम्मानजनक होती है, जिसमें मृत्यु के बाद आँखों का दान कर किसी जरूरतमंद को दृष्टि प्रदान की जाती है।

यह दिवस हमें प्रेरित करता है कि हम स्वयं नेत्रदान का संकल्प लें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए जागरूक करें।

नेत्रदान—मृत्यु के बाद भी जीवन को रोशन करने का सबसे सुंदर माध्यम है।

Address

Motimahal 2-Rana Pratap Marg
Lucknow
226001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Kalyanam Karoti Lucknow posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to Kalyanam Karoti Lucknow:

Shortcuts

Share