22/05/2026
पूजनीया कमला सजवाण जी की स्मृति में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा - दक्षिणी दिल्ली के भाटी माइंस रोड स्थित सजवाण फार्म में दिनांक 16 मई, 2026 को द हंस फाउंडेशन की प्रेरणास्रोत माता श्री मंगला जी की पूज्य माता स्वर्गीय श्रीमती कमला सजवाण जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामाजिक, आध्यात्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. इंद्रेश कुमार जी एवं डॉ. कृष्ण गोपाल शर्मा जी, जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी श्री ललितानन्द गिरि जी महाराज, स्वामी श्री कालिदास बाबा, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, टिहरी सांसद श्रीमती माला राजलक्ष्मी शाह, महाराजा टिहरी श्री मनुजेंद्र शाह, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल, विधायक श्री प्रीतम सिंह, स्थानीय विधायक श्री करतार सिंह तंवर, पूर्व विधायक श्री हरेन्द्र अग्रवाल, नेपाल के काठमांडू स्थित दिव्य सेवा निकेतन की संस्थापिका साध्वी सुनीता बाई जी तथा स्थानीय पार्षद श्री सुंदर सिंह तंवर सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन, सगे-संबंधी एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय कमला सजवाण जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वे अत्यंत सरल, सौम्य, परोपकारी एवं मिलनसार स्वभाव की महिला थीं। आध्यात्मिक चिंतन एवं धार्मिक-सामाजिक कार्यों में उनकी विशेष रुचि थी और वे सदैव सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेती थीं।
सभा में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय कमला सजवाण जी के पुत्र श्री रविंदर सजवाण, ज्येष्ठ सुपुत्री माता श्री मंगला जी, श्री भोले जी महाराज तथा समस्त परिवारजनों को अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।