24/06/2026
ब्राइट माइंड्स पंजाब 2026 के अंतर्गत श्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता सर्वहितकारी विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, श्री मुक्तसर साहिब की कक्षा 12वीं की छात्रा ईशिका छाबड़ा का विशेष सम्मान
पंजाब सरकार द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित "ब्राइट माइंड्स पंजाब 2026" समारोह के दौरान 23 जून 2026 को नारायणगढ़ पैलेस में बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस प्रतिष्ठित समारोह में श्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता सर्वहितकारी विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, श्री मुक्तसर साहिब की होनहार छात्रा ईशिका छाबड़ा को बारहवीं कक्षा में 91% अंक प्राप्त करने की शानदार उपलब्धि के लिए पंजाब सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। ईशिका ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर न केवल अपने माता-पिता और शिक्षकों का मान बढ़ाया है, बल्कि विद्यालय का नाम भी गौरवान्वित किया है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधान श्री राजिंदर गर्ग जी, उपप्रधान श्री सुरेंद्र धवन जी, प्रबंधक श्री नरोत्तम दास शर्मा जी, प्रिंसिपल श्री पूर्ण चंद जी तथा वाइस प्रिंसिपल श्रीमती सरिता सिंह जी ने ईशिका छाबड़ा, उनके माता-पिता तथा समस्त स्टाफ को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि ईशिका की यह सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उसकी यह उपलब्धि भविष्य में और भी बड़ी सफलताओं का मार्ग प्रशस्त करेगी।
विद्यालय प्रबंधक समिति एवं समस्त स्टाफ ने ईशिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वह आगे भी इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित कर विद्यालय, परिवार तथा समाज का नाम रोशन करती रहेगी।