04/10/2025
घर-घर अलख जगायेंगे, नशे को दूर भगाएंगे
केंद्र के किशोरों ने खेला नुक्कड़ नाटक
2 अक्टूबर 2025
अपना जतन केंद्र, देवाली, उदयपुर
गांधी जयंती के अवसर पर जतन संस्थान द्वारा संचालित “अपना जतन केंद्र” की ओर से गवरी चौक और नीमच खेड़ा ऑटो स्टैंड पर एक विचारोत्तेजक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
नाटक का विषय था – “नशे की बढ़ती समस्या”
इस प्रस्तुति के माध्यम से नीमच खेडा कच्ची बस्ती के उस वास्तविकता को सामने लाने का प्रयास किया गया, जो कच्ची बस्तियों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, जैसे किशोरों द्वारा सिगरेट, तम्बाकू और अल्कोहल आदि का सेवन करना।
यह नाटक 'अपना जतन केंद्र' के किशोरों की टीम ने प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में अभिभावक, छात्र, स्थानीय दुकानदार और ऑटो ड्राइवर सहित समुदाय के लोग एकत्रित हुए।
करीब 20 मिनट तक चले इस नाटक में एक ऐसे युवा की कहानी को दर्शाया, जो नशे के जाल में फंसकर अपने परिवार और भविष्य को खो देता है। दमदार संवादों, लयबद्ध नारों और प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से नाटक ने यह संदेश दिया कि –
नशे का आकर्षण भ्रामक है और यह किशोरों और युवाओं को तेजी से बर्बाद कर रहा है।
सहपाठियों और साथियों का दबाव और जागरूकता की कमी इसका एक बड़ा कारण है।
यह लत स्वास्थ्य, रिश्तों और जीविका – तीनों को बर्बाद कर रही है।
परिवार और समुदाय का समय रहते हस्तक्षेप युवाओं को बचा सकता है।
नाटक के बाद बच्चों और किशोरों ने अपना जतन केंद्र से गवरी चौक तक जागरूकता रैली भी निकाली |