05/10/2026
**सेरेब्रल पाल्सी जागरूकता एवं समावेशन कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ**
**“Unique to United” थीम पर खेलों और अनुभवों से दिया समान अवसर एवं सहभागिता का संदेश**
**श्रीगंगानगर, 5 अक्टूबर।** विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस के उपलक्ष्य में जुबिन स्पास्टिक होम एंड चैरिटेबल ट्रस्ट एवं स्पेशल ओलंपिक्स भारत के संयुक्त तत्वावधान में 5 एवं 6 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय जागरूकता एवं समावेशन कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। “Unique to United” थीम पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य सेरेब्रल पाल्सी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विशेष बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराने का संदेश देना है।
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से हुई। विशेष बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज में जागरूकता एवं समावेशन का संदेश दिया। इसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया गया। कार्यक्रम में 5-G सहारनावाली के सरपंच बलराज सिंह, सरपंच प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह एवं समावेशी शिक्षा के जिला समन्वयक भूपेंद्र स्वामी उपस्थित रहे।
विशेष एथलीट्स के लिए व्हीलचेयर रेस, तेज चाल, स्पून रेस एवं म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न खेल आयोजित किए गए। नर्सिंग, बी.एड. एवं डी.एड. विद्यार्थियों ने भी बच्चों के साथ भाग लिया। व्हीलचेयर रेस में सूरज ने स्वर्ण और सुनील ने रजत पदक जीता। तेज चाल में सुखमन ने स्वर्ण तथा परी और सुमित ने रजत पदक हासिल किए। स्पून रेस में आरती ने स्वर्ण, जबकि प्रिया एवं शिवम ने रजत पदक प्राप्त किए।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण **“मेरी कहानी, मेरी आवाज़”** रहा, जिसमें अभिभावकों ने बच्चों की प्रगति और उपलब्धियों के अनुभव साझा किए। ट्रस्ट के निदेशक डॉ. दर्शन आहूजा ने जागरूकता, शीघ्र पहचान और समावेशन के महत्व पर जोर दिया। सचिव एवं स्पेशल ओलंपिक्स भारत–राजस्थान की स्टेट चेयरपर्सन विनिता आहूजा ने कहा कि हर बच्चे की अपनी पहचान और प्रतिभा है। सम्मान, सहयोग और समान अवसर मिलने पर बच्चे समाज में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
\