10/06/2026
दलसिंहसराय में 14 जून से आयोजित होगा निःशुल्क सात दिवसीय समर आर्ट कैंप
दलसिंहसराय, समस्तीपुर। बच्चों एवं युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से विजुअल आर्ट फाउंडेशन एवं कला एवं संस्कृति विभाग, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में 14 जून से 21 जून 2026 तक निःशुल्क सात दिवसीय समर आर्ट कैंप का आयोजन किया जाएगा।
इस कैंप में प्रतिभागियों को चित्रकला, मूर्तिकला, कथक नृत्य, अभिनय सहित विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा उनकी कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कैंप में वरिष्ठ चित्रकार मो. सुलेमान, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी, कथक प्रशिक्षक लक्ष्मण कुमार एवं मूर्तिकार राजेश कुमार सहित अनुभवी कलाकारों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को कला एवं संस्कृति विभाग, समस्तीपुर द्वारा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन हीरालाल शाह धर्मशाला, मनोकामना मंदिर के समीप, लहेरियाबाजार, दलसिंहसराय में प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से 9:00 बजे तक किया जाएगा।
इच्छुक प्रतिभागी कैरियर वर्ल्ड कॉमर्स क्लासेज, भगवानपुर चकशखू, काली स्थान, मेन बाजार, दलसिंहसराय में अपना पंजीयन करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9570955807 एवं 9798866566 पर संपर्क किया जा सकता है।
आयोजकों ने क्षेत्र के बच्चों, युवाओं एवं अभिभावकों से इस अवसर का लाभ उठाकर कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को विकसित करने की अपील की है।