05/06/2026
विश्व पर्यावरण दिवस पर औषधीय पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान आयोजन।
सफीदों, 5 जून 2026।
भारत विकास परिषद्, सफीदों शाखा के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीएसएम स्कूल, रामपुरा में औषधीय पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया।
इस अवसर पर परिषद् के सदस्यों ने मिलकर विभिन्न औषधीय एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा वृक्षारोपण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
परिषद् के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र वत्स ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर जन-जन का अभियान बनना चाहिए। सभी उपस्थित सदस्यों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। पर्यावरण संयोजक श्री सुनील सैनी ने औषधीय पौधों के महत्व एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित वातावरण के निर्माण हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। परिषद् द्वारा भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई। इस अवसर पर शाखा सचिव अनिल खर्ब, वित्त सचिव विनय खर्ब, संस्कार संयोजक घनश्याम राणा, वरिष्ठ सदस्य कुलदीप सैनी, प्रवीण कौशिक, संजीव पुंडीर, बिंदी, डॉ मोनिका खर्ब उपस्थित रहें।
"एक पौधा – एक जीवन, हरियाली से खुशहाली" के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।