27/04/2026
पुस्तकालय गाँव क्यों: उत्तराखण्ड के सांस्कृतिक भूगोल में एक आवश्यक हस्तक्षेप
उत्तराखण्ड के पहाड़ों को समझना केवल उनके भौगोलिक विन्यास को समझना नहीं है। यह उन सूक्ष्म संबंधों को पढ़ने का प्रयास है जो मनुष्य, प्रकृति, स्मृति और भाषा के बीच निरंतर बनते-बिगड़ते रहते हैं। पिछले कुछ दशकों में यह संतुलन जिस प्रकार विचलित हुआ है, उसने यहाँ के सामाजिक जीवन को भीतर से बदल दिया है। गाँव खाली हो रहे हैं, घर बंद हो रहे हैं, और जो बचे हैं, उनके भीतर भविष्य का एक अनकहा संकोच घर कर गया है।
इस परिदृश्य में “पुस्तकालय गाँव” का विचार किसी रोमांटिक कल्पना के रूप में नहीं, बल्कि एक आवश्यक हस्तक्षेप के रूप में उभरता है। यह प्रश्न स्वाभाविक है कि जब मूलभूत सुविधाएँ ही अनेक स्थानों पर अपर्याप्त हैं, तब पुस्तकालय की बात क्यों की जाए। किंतु शायद यही वह बिंदु है जहाँ हमें समस्या की जड़ों की ओर देखना होगा।
उत्तराखण्ड की समस्या केवल आर्थिक या अवसंरचनात्मक नहीं है। यह एक गहरी सांस्कृतिक विस्थापन की समस्या भी है। जब किसी समाज की भाषाएँ हाशिये पर चली जाती हैं, जब उसके युवाओं के सामने अपने परिवेश में अर्थपूर्ण जीवन की संभावना क्षीण हो जाती है, तब पलायन केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि एक अनिवार्यता बन जाता है।
ऐसी स्थिति में पुस्तकालय गाँव एक वैकल्पिक प्रतिपक्ष प्रस्तुत करता है। यह प्रतिपक्ष प्रत्यक्ष रूप से सड़क, रोजगार या बाज़ार की भाषा में नहीं बोलता, बल्कि वह उस आधारभूमि को सुदृढ़ करने का प्रयास करता है जिस पर कोई भी समाज अपनी दीर्घकालिक स्थिरता निर्मित करता है-अर्थात् विचार, भाषा और ज्ञान की निरंतरता।
पुस्तकालय यहाँ एक सांस्कृतिक केंद्र है जहाँ गाँव स्वयं को पुनः पढ़ना प्रारंभ करता है। जब एक बालक अपने ही गाँव में बैठकर विश्व-साहित्य से परिचित होता है, तब उसके भीतर केवल जानकारी नहीं, बल्कि संभावना का एक नया क्षितिज खुलता है। जब एक बुज़ुर्ग किसी पुस्तक के माध्यम से अपनी स्मृतियों को पुनः व्यवस्थित करता है, तब वह अतीत और वर्तमान के बीच एक संवाद स्थापित करता है।
पुस्तकालय गाँव पलायन का प्रत्यक्ष समाधान प्रस्तुत नहीं करता, किंतु वह उस मानसिक परिदृश्य को बदलने का प्रयास करता है जिसमें पलायन एकमात्र विकल्प प्रतीत होता है। यदि गाँव में विचार की उपस्थिति बनी रहती है, यदि संवाद की परंपरा जीवित रहती है, तो धीरे-धीरे वही स्थान नए प्रकार की संभावनाओं के लिए भी खुलने लगता है-चाहे वह शिक्षा-पर्यटन हो, सांस्कृतिक अध्ययन हो, या स्थानीय ज्ञान पर आधारित उद्यम।
उत्तराखण्ड में लंबे समय से विकास की जो धारा चली है, वह प्रायः बाहरी मॉडल पर आधारित रही है। उसमें गाँव को या तो संसाधन के रूप में देखा गया है या फिर समस्या के रूप में। पुस्तकालय गाँव इस दृष्टि को पलटता है। वह गाँव को एक जीवित सांस्कृतिक इकाई के रूप में देखता है, जिसकी अपनी बौद्धिक परंपराएँ हैं, अपनी भाषाई विविधता है, और अपनी जीवन-दृष्टि है।
उत्तराखण्ड के संदर्भ में यह राह शायद यहीं से होकर जाती है- जहाँ पहाड़ की चुप्पी में शब्द फिर से बसने लगते हैं, और गाँव केवल भौगोलिक इकाई न रहकर एक विचार बन जाता है।