23/03/2025
*आशियाना वृद्धाश्रम पर निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का सफल आयोजन*
झज्जर रोड़ स्थित आशियाना वृद्धाश्रम में शहीद दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह शिविर बाबा फरीद सेवा ट्रस्ट, श्री राम शाखा भारत विकास परिषद, रोटरी क्लब ऑफ रेवाड़ी मेन और नई दिशा युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में दीवान फोरव्हील्स प्राइवेट लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत आयोजित किया गया था। इस शिविर में 254 मरीजों को विभिन्न प्रकार की चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं और 125 लोगों की निःशुल्क रक्त जांच भी की गई। साथ ही आवश्यक दवाएं भी मरीजों को वितरित की गईं। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्शानुसार निशुल्क अल्ट्रासाउंड एवं एक्स- रे जांच की सुविधा भी दी गई।
इस चिकित्सा शिविर में डॉ. आर.बी. यादव, डॉ. सुमन यादव, डॉ. रवि यादव, डॉ. विक्रम यादव, डॉ दीपक यादव, डॉ. प्रशांत यादव, डॉ. नीरज यादव, डॉ. प्राची जैन, डॉ. नीरज अग्रवाल,डॉ हेमंत यादव डॉ. सोनम बत्रा और डॉ. अनुपमा मक्कर सहित अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में जनरल फिजिशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, आयुर्वेदाचार्य और फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा मरीजों की जांच की गई और आवश्यक परामर्श दिया गया। गंभीर मामलों में आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
शिविर के मुख्य अतिथि सीए अमित संघी ने स्वस्थ एवं निरोगी काया का महत्व बताया तथा आर.एस. एस. के जिला संघचालक रामोतार गौतम जी ने शहीद दिवस का महत्व बताया तथा सभी उपस्थित लोगों ने शहिद ए आजम भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को नमन किया।
आयोजक संस्थाओं के अध्यक्ष दिनेश राजपाल, सीए जितेश अग्रवाल, मनीष अरोड़ा ने इस सफल आयोजन के लिए सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार प्रकट किया। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इस प्रकार के चिकित्सा शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।
इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर ने समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करने का संकल्प लिया।