27/07/2026
समाज में स्वीकार्यता धन से नहीं, सेवा से मिलती है
किसी भी सामाजिक संगठन को सफलतापूर्वक चलाने के लिए रुपयों की गर्मी नहीं, बल्कि सेवा, त्याग, संघर्ष और समर्पण की तपिश चाहिए होती है। यह तपिश तब पैदा होती है जब कोई व्यक्ति लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहता है, लगातार मेहनत करता है, चलते-चलते पाँव में छाले पड़ जाते हैं, फिर भी समाज की सेवा को अपना धर्म मानकर आगे बढ़ता है।
यदि कोई यह सोचता है कि केवल धन के बल पर समाज में संगठन खड़ा कर लेगा या स्वयं को समाज का नेता स्थापित कर देगा, तो यह उसकी सबसे बड़ी भूल है। समाज किसी की आर्थिक हैसियत से प्रभावित नहीं होता, बल्कि उसकी नीयत, ईमानदारी, कार्यशैली और समाज के प्रति उसके दायित्व-बोध को देखकर निर्णय करता है।
आज का समाज पहले की अपेक्षा कहीं अधिक जागरूक और समझदार है। वह किसी व्यक्ति या संगठन पर विश्वास करने से पहले उसके कार्यों, उसके चरित्र और उसके उद्देश्य की पड़ताल करता है। इसलिए जो लोग केवल अपने निजी स्वार्थ, प्रसिद्धि या लाभ के लिए समाज सेवा का दिखावा करते हैं, उन्हें समाज अंततः पहचान ही लेता है।
कुछ लोग यह भ्रम पाल लेते हैं कि यदि वे किसी के घर जाएँ और उनका सम्मानपूर्वक स्वागत हो जाए, तो यही उनकी सामाजिक स्वीकार्यता है। जबकि यह हमारी भारतीय संस्कृति का संस्कार है। "अतिथि देवो भवः" हमारे संस्कारों में है। हमारे यहाँ तो अतिथि चाहे परिचित हो या विरोधी, उसका सम्मान करना हमारी परंपरा है। इसे अपनी लोकप्रियता या सामाजिक स्वीकृति समझ लेना आत्मभ्रम है।
सच्ची सामाजिक स्वीकार्यता तब मिलती है जब समाज आपके चरित्र, आपके त्याग, आपकी निष्ठा और आपके निरंतर किए गए कार्यों पर विश्वास करता है। जो लोग छल, प्रपंच या भ्रम फैलाकर स्वयं को समाज का नेता सिद्ध करना चाहते हैं, वे कुछ समय के लिए चर्चा में भले आ जाएँ, लेकिन अंततः समाज उन्हें आईना अवश्य दिखाता है।
समाज का विश्वास खरीदा नहीं जा सकता, उसे केवल सेवा, सत्यनिष्ठा और समर्पण से अर्जित किया जा सकता है।
जो लोग समाज को धोखा देकर नेतृत्व प्राप्त करने का सपना देखते हैं, उन्हें इतिहास बार-बार यही सिखाता है कि समाज देर से निर्णय ले सकता है, पर गलत निर्णय नहीं लेता।
याद रखिए— समाज के द्वारा स्वीकार किए जाने के लिए धन नहीं, बल्कि ईमानदारी, सेवा की भावना, त्याग और निष्काम कर्म सबसे आवश्यक हैं। यही किसी भी सामाजिक संगठन की वास्तविक शक्ति और स्थायी पूँजी है।
#सेवा_ही_स्वीकार्यता #समाजसेवा #समाज_का_विश्वास #ईमानदार_नेतृत्व #कर्म_ही_पहचान #विश्वास_कमाया_जाता_है #समाज_सर्वोपरि #निष्काम_सेवा
रांची जिला माली मालाकार कल्याण समिति