01/08/2024
रादौर,1 अगस्त(प्रदीप कांबोज ): युवा कांबोज सभा रादौर की ओर से वीरवार को शहर के श्रीबालाजी मंदिर परिसर मेें शहीद उधम सिंह के शहीदी दिवस पर सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान राजीव आर्य सन्नी ने की। कार्यक्रम में भाजपा नेता अमित कांबोज बुबका वशिष्ठ अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए। मुख्यातिथि अमित कांबोज ने शहीद उधम सिंह के चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सेवा में सेवाएं दे चुके पूर्व फौजियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व फौजी अमित चौहान पालेवाला, कंवरपाल सिंह, सूरजभान सैनी फतेहगढ़ व गुरनाम तंवर रादौर को फुलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि अमित कांबोज ने कहा कि जैसे शहीद उधम सिंह ने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर देश सेवा की थी। उसी तरह पूर्व सेनिको ने अपने जीवन को देश के लिए समर्पित करते हुए देश सेवा के कार्य किए है। जिसके लिए पूर्व सैनिको को सम्मानित किया गया है। प्रधान राजीव आर्य सन्नी ने बताया कि युवाओं को शहीद उधम सिंह के सतत प्रयास, लग्न व लंबे इंतजार के बाद संकल्प से सिद्धि की प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। आज के युवा जल्दबाजी में बिना परिश्रम के अपने लक्ष्य को प्राप्त करना चाहते हैं और अमीर बनना चाहते हैं, जिसकी वजह से वह रास्ते और लक्ष्य से भटक भी जाते हैं। विदेशों में अपना शोषण करवाने के लिए मजबूर हो जाते हैं। युवा रोजगार न मिलने से नशे की ओर अग्रसर हो जाते है। युवा फौज में भर्ती होकर देश सेवा का जज्बा अपने अंदर पैदा करे। इस अवसर पर मुख्यातिथि अमित कांबोज बुबका, सचिन कांबोज, समय सिंह, पूर्व प्रधान आर्य समाज मंदिर रमेशचंद आर्य, राजीव आर्य सन्नी, प्रदीप कांबोज, धर्म सिंह पिंकी, संदीप सैनी, प्रदीप शर्मा चिंटू, प्रेम चंद कांबोज, जितेंद्र सैनी आदि मौजूद रहे।
रादौर- रादौर में पूर्व सैनिको को सम्मानित करते युवा कांबोज सभा के सदस्य।
रादौर- रादौर में शहीद उधम सिंह को नमन करते स्थानीय लोग।