27/05/2023
फलोदी जिले के नवनियुक्त ओएसडी जसप्रीत सिंह संधू (आईएएस) ने सौर्य ऊर्जा कम्पनी ऑफ राजस्थान लिमिटेड के सहयोग से दूसरा दशक द्वारा संचालित मॉडल आंगनबाड़ी चुड़ों की बस्ती, भड़ला का अवलोकन किया।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता चिरमी(दूसरा दशक की सहभागी) ने केंद्र पर स्थापित सीखने के पांच कॉर्नर्स पुस्तकालय, दवाखाना, गुड़िया का घर, स्थानीय सामग्री तथा चित्रकला के बारे में जानकारी दी। चिरमी ने कहा कि आंगनवाड़ी भवन में पहले सुविधाएं नही होने के कारण बच्चों का जुड़ाव तथा ठहराव कम था लेकिन अब भवन के नवीनीकरण तथा सीखने की सामग्री, खिलौने आदि उपलब्ध करवाने से केन्द्र पर आने वाले बच्चों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है तथा समुदाय के लोगों का जुड़ाव भी बढ़ा है।
ओएसडी जसप्रीत सिंह संधू ने कहा कि समुदाय तथा परिवार के लोगों की जिम्मेदारी है कि अपने बच्चों को शिक्षा हासिल करने के लिए पहले आंगनवाड़ी तथा उसके बाद स्कूल भेजें। शिक्षा से ही समाज मे बदलाव आता है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी पर स्थापित सीखने के विभिन्न कॉर्नर्स से बच्चों का मानसिक विकास होता है। आप लगातार इनका सहयोग करेंगे तो ये छोटे-छोटे बच्चे पढ़ाई में आगे बढ़ेंगे तथा इनका भविष्य उज्ज्वल होगा। पढ़ाई से ही बच्चे डॉक्टर , इंजीनियर व अन्य सेवाओं में जाएंगे तथा ये ही बच्चे वापिस आ कर अपने समाज, अपने गांव में सेवाएं देंगे और अन्य बच्चों के लिए उदाहरण पेश करेंगे।
ग्रामीण जमालदीन ने कहा कि महिलाएं तथा बच्चे टीकाकरण को लेकर पहले कई तरह की भ्रांतियां से ग्रसित थे लेकिन दूसरा दशक के कार्यकर्ताओं के सहयोग से आज काफी महिलाएं, बच्चे टीकाकरण करवाते हैं तथा गर्भवती महिलाएं जांच के लिए गांव से बाहर भी जाती है।
परियोजना निदेशक श्री मुरारीलाल थानवी ने केंद्र पर होने वाली अन्य गतिविधियों तथा समुदाय के लोगों द्वारा किये जा रहे सहयोग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी का इस तरह हमारे साथ सामान्य लोगों की तरह समस्याओं को सुनना इस क्षेत्र के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा।