06/04/2026
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की बिहार राज्य परिषद की ओर से 2 से 4 अप्रैल 2026 तक मार्क्सवाद-लेनिनवाद–कॉ. शिवदास घोष चिंतन अध्ययन केंद्र, घाटशिला (झारखंड) में तीन दिवसीय शिक्षण शिविर उत्साह, जोश और क्रांतिकारी ऊर्जा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस शिविर में 17 जिलों के लगभग 300 प्रतिनिधियों ने भाग लिया और वाद-विवाद, गीत-संगीत, खेलकूद तथा वैचारिक चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी करते हुए पूरे शिविर को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरव घोष द्वारा ध्वजारोहण एवं कॉमरेड शिवदास घोष की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद संगठन के अंतरराष्ट्रीय मामलों के सचिव कॉ. मणिशंकर पटनायक ने शिक्षण शिविर के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
शिविर की आधार पुस्तक “क्या छात्रों को राजनीति करनी चाहिए?” पर दो सत्रों में गंभीर और प्रेरक चर्चा हुई। इन सत्रों में कॉ. सौरव घोष ने क्रांतिकारी विचारों, महापुरुषों के जीवन-संघर्ष और वर्तमान समय की चुनौतियों को जोड़ते हुए प्रतिनिधियों को जागरूक किया तथा बेहतर इंसान और संघर्षशील छात्र बनने का आह्वान किया।
समापन सत्र में संगठन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं एस यू सी आई (कम्युनिस्ट) के बिहार राज्य सचिव कॉ. अरुण कुमार सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्र आंदोलन की भूमिका पर प्रकाश डाला और संगठन के विचारों को राज्य के हर स्कूल-कॉलेज एवं विश्वविद्यालय तक पहुँचाने का आह्वान किया।
3 अप्रैल की सांस्कृतिक संध्या में नाटक, एकल व सामूहिक नृत्य, गीत और बांसुरी वादन की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया, जिससे साथियों में संघर्ष और बदलाव के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ।
प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. सौमित्र बनर्जी ने विज्ञान प्रेमी छात्र प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में वैज्ञानिक सोच को अपनाने का आह्वान किया।
शिविर का संचालन चार सदस्यीय अध्यक्ष मंडली के द्वारा किया गया, जिसमें बिहार राज्य अध्यक्ष कॉ. विजय कुमार उपाध्यक्ष कॉ. राजू कुमार एवं कॉ. शिव कुमार व राज्य सचिव कॉ. पवन कुमार कर रहे थे एवं इस अवसर केंद्रीय परिषद सदस्य सह झारखंड राज्य सचिव कॉमरेड सोहन महतो भी उपस्थित रहें।