09/09/2026
इमरजेंसी में गणपति मेगा स्टोर और शुभ एंटरप्राइजेज की सराहनीय पहल, मात्र शॉर्ट नोटिस पर जुटाया 75 यूनिट रक्त
परवाणू, 9 सितंबर 2026।
रक्त की तत्काल आवश्यकता को देखते हुए गणपति मेगा स्टोर एवं शुभ एंटरप्राइजेज द्वारा बुधवार को बेहद कम समय की सूचना पर एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शहरवासियों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के अभूतपूर्व सहयोग से शिविर में 75 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो इतने कम समय में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चिकित्सकों द्वारा एक बड़ी इमरजेंसी के चलते रक्त की तत्काल आवश्यकता बताए जाने पर गणपति मेगा स्टोर के मालिक तरंग गर्ग ने शुभ एंटरप्राइजेज के सहयोग से बिना समय गंवाए रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया। बहुत ही शॉर्ट नोटिस पर आयोजित इस शिविर को शहर के लोगों का जबरदस्त सहयोग मिला और बड़ी संख्या में रक्तदाता मानवता की सेवा के लिए आगे आए।
शिविर में शहर के अनेक गणमान्य एवं प्रभावशाली लोगों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रोटरी क्लब, इनर व्हील क्लब, लॉयंस क्लब सहित शहर की विभिन्न एनजीओ एवं सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और इस नेक कार्य में अपना सहयोग दिया।
आयोजकों ने कहा कि किसी जरूरतमंद की जान बचाने से बढ़कर मानवता की कोई सेवा नहीं हो सकती। आपातकालीन परिस्थिति में शहर के लोगों ने जिस तत्परता और एकजुटता के साथ रक्तदान के लिए आगे आकर सहयोग दिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
तरंग गर्ग एवं शुभ एंटरप्राइजेज ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतने कम समय की सूचना पर 75 यूनिट रक्त एकत्रित होना परवाणू शहर की सेवा भावना, एकजुटता और मानवता का प्रमाण है।