30/06/2026
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त डॉ. ममता पंत ने विद्यार्थियों को तनावमुक्त जीवन का दिया संदेश
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकीं डॉ. ममता पंत ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाहला तथा राजकीय उच्च विद्यालय गोपालपुर में विद्यार्थियों के साथ प्रेरणादायक संवाद करते हुए उन्हें तनाव एवं अवसाद से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. पंत ने बताया कि संगीत चिकित्सा (म्यूजिक थेरेपी) तनाव, अवसाद और मानसिक दबाव जैसी परिस्थितियों से उबरने का एक प्रभावी एवं वैज्ञानिक माध्यम है। उन्होंने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने, भावनात्मक संतुलन स्थापित करने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का भी सशक्त माध्यम है। इससे प्रत्येक आयु वर्ग के लोग लाभान्वित हो सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास, धैर्य और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामना करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और सही मार्गदर्शन तथा सकारात्मक वातावरण से तनाव एवं अवसाद जैसी समस्याओं पर प्रभावी रूप से विजय पाई जा सकती है।
इस अवसर पर निस्वार्थ संस्था के संस्थापक कार्तिक शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनका मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त होना एक स्वस्थ एवं समृद्ध समाज की नींव है। उन्होंने बताया कि निस्वार्थ संस्था समय-समय पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। भविष्य में भी संस्था डॉ. ममता पंत के सहयोग से विभिन्न विद्यालयों में ऐसी कार्यशालाओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और व्यक्तित्व विकास के प्रति जागरूक करती रहेगी।
उल्लेखनीय है कि डॉ. ममता पंत राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगीत चिकित्सा और मानसिक स्वास्थ्य विषय पर अनेक कार्यशालाओं का सफलतापूर्वक संचालन कर चुकी हैं। उनके मार्गदर्शन से हजारों लोगों ने अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का अनुभव किया है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाहला एवं राजकीय उच्च विद्यालय गोपालपुर के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, अध्यापक वर्ग, अन्य स्टाफ एवं समस्त विद्यार्थियों का अपना बहुमूल्य समय व सहयोग देने के लिए बहुत शुक्रिया।