14/04/2026
*आदित्य मेमोरियल फाउंडेशन उदयपुरवाटी द्वारा संस्थान को ₹11,000 का सहयोग*
स्वामी विवेकानंद पुनर्वास संस्थान, छावनी नीम का थाना में उदयपुरवाटी स्थित आदित्य मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से स्वर्गीय आदित्य चौधरी की तृतीय पुण्यतिथि पर सेवा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एडवोकेट सुरेंद्र चौधरी एवं सुनीता चौधरी द्वारा संस्थान के दिव्यांग बच्चों के लिए ₹11,000 का आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए 10 किलो केले, बिस्किट एवं चॉकलेट वितरित किए गए तथा एक दिवसीय विशेष भोजन (खीर, जलेबी, पूरी-सब्जी, सलाद आदि) की व्यवस्था भी कराई गई। साथ ही संस्थान में व्हीलचेयर उपयोग करने वाले दिव्यांग बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनुकूलित बाथरूम दरवाजे का निर्माण करवाया गया।
स्वर्गीय आदित्य चौधरी की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प एवं माल्यार्पण के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दिव्यांग बच्चों द्वारा “रघुपति राघव राजा राम” कीर्तन प्रस्तुत कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।
एडवोकेट सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि पूर्व में पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता था, लेकिन इस बार दिव्यांग बच्चों के बीच सेवा कार्य करने का संकल्प लिया गया। साथ ही सुबह उदयपुरवाटी स्थित दिव्यांग गौशाला में गायों को चारा भी डाला गया।
इस अवसर पर गणेश ट्रेडिंग कंपनी, इंद्रपुरा के संजय खेरवा द्वारा 20 किलो आटे का सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सावरमल स्वामी (इंद्रपुरा), एडवोकेट श्रीकांत पारीक, एडवोकेट राकेश सैनी, हिंदुस्तान जिंक भीलवाड़ा के एसोसिएट जनरल मैनेजर मूलचंद गोठवाल, महावीर प्रसाद जांगिड़, मनोज स्वामी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और दिव्यांग बच्चों के साथ समय व्यतीत कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
संस्थान की ओर से सहायक निदेशक गुलशन कुमार शर्मा एवं शिखा शर्मा ने अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर एवं स्वामी विवेकानंद जी की तस्वीर भेंट कर सम्मान किया तथा आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के कार्यकर्ता राजू सैनी भी उपस्थित रहे।