अग्निशक्ति आशा फाउंडेशन की तरफ से मैं, आशा अष्टा, आपका हार्दिक अभिनंदन करती हूँ । नारी सशक्तिकरण की दिशा में अग्निशक्ति योग एक बहुत लंबे समय से कार्यरत है । महिलाओं के सर्वांगीण विकास की ओर हमारी बहुत सी गतिविधियां निरंतर चलती रहती हैं । एक सशक्त महिला से ही एक सशक्त परिवार और एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव हो सकता है ।
किसी भी प्राणी के सशक्त बनने और बनाने कि प्रक्रिया में सबसे अहम आवश्यकता होती है एक स्वस्थ शरीर की । स्वस्थ शरीर ही सर्वोत्तम पूंजी है । इसीलिए स्वास्थ्य ही जीवन कि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए । इस कथन का महत्व वे लोग ही भली भांति जान सकते हैं और समझ सकते हैं जिनका किसी रुग्णता से किसी न किसी रूप में कभी न कभी साक्षात्कार हुआ हो ।
स्वास्थ्य ठीक न होने से काम भी ठीक से नहीं हो पाता है और ऊपर से दवा और अन्य मेडिकल इत्यादि पे खर्च भी बहुत हो जाता है । जीवन उलट पुलट हो जाता है । इसीलिए अग्निशक्ति योग महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य के लिए चिंतनशील है, जागरूक है और इस जागरूकता का अधिक से अधिक प्रसार करने में कार्यरत है । जीवन और समाज में अपने विस्तृत जुड़ाव और उससे प्राप्त निजी अनुभव से मैंने जाना है कि हमारा स्वास्थ्य केवल हम पर ही निर्भर नहीं करता है लेकिन हमारे आसपास और हमारे घरों में विद्यमान स्थिति, परिस्थिति, वातावरण और हमारे आसपास घटित हो रही घटनाओं से भी बहुत प्रभावित होता है ।
इस समस्त अध्ययन से एक और ज्ञान प्राप्त हुआ और वो ये कि एक महिला के समग्र स्वास्थ्य का एक और पहलू है और वो है महवारी/ मासिक धर्म/ महीना/ पीरियड्स और उस से संबन्धित साफ सफाई या और उसका ज्ञान । हम सभी इस वास्तविकता से शायद परिचित ही होंगे कि मासिक धर्म के समय अगर सफाई एक महिला व्यक्तिगत साफ सफाई पर ध्यान नहीं रख पाती है तो उसके प्रजनन अंगो और प्रजनन पथ को भयंकर संक्रमण हो सकता है, इन्फेक्शन हो सकता है जो न केवल उस महिला कि सेहत खराब करता है बल्कि उस इन्फेक्शन के कारण बहुत से अन्य आस पास व्यक्तियों को भी संक्रमित करके उनके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है ।
परंपरागत रूप से महिलाएं मासिक धर्म के समय घर में से ही किसी पुराने कपड़े का उपयोग करती रही हैं । हमें ज्ञात है कि मासिक धर्म के समय इस्तेमाल किया जाने वाले इस कपड़े का अत्यधिक साफ होना बहुत ही महत्वपूर्ण है लेकिन एक पुराने कपड़े की सफाई को सुनिश्चित नहीं किया जा सकता है और खासकर के उस कपड़े का जिसको धो धोकर बार-बार उपयोग किया जाता है । बार-बार उपयोग किया जाने वाला ये कपड़ा बीमार करता ही है और करता रहेगा भी ।
लंबे समय से की जा रही तमाम रिसर्च, शोध और अनुसंधान से पता चला है की स्वास्थ्य को बेहतर सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक तरीके से बनाए गए सैनिटरी नैप्किंस ही उपयोग करने चाहिए ।
लेकिन सत्य यह भी है कि बहुत सी महिलाएं, खासकर से वे महिलाएं जो आर्थिक रूप से बहुत अधिक सशक्त नहीं हैं, वे माहवारी और उससे होने वाली स्थिति के प्रति सचेत होते हुए भी इस विषय में बहुत कुछ नहीं कर पाती हैं । घर घर जा कर काम करके ये बहुत सी महिलाएं अपने घर और परिवार के लिए भोजन का इंतजाम तो कर देती हैं लेकिन उनके लिए यह संभव नहीं होता है कि वे स्वयं के लिए सैनिटरी नैप्किंस या सैनिटरी पैड खरीद सकें क्योंकि एक बार उपयोग के बाद फेंक दिये जाने वाले ये सैनिटरी नैप्किंस काफी महंगे होते हैं और हमारे आपके घरों में काम करने वाली ऐसी बहुत सी महिलाओं के लिए सैनिटरी नैप्किंस खरीद कर पाना संभव नहीं हो पाता है ।
हम शायद समझ भी न पाते होंगे कि हमारे घर में काम करने वाली महिला का स्वास्थ्य कैसा है । यह बहुत संभव है कि वह किसी ऐसे संक्रमण से संक्रमित हो और ये भी हो सकता है कि इसके कारण आपके हमारे घर और घर परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य भी कुछ प्रभावित हो रहा हो और ये संक्रमण चाहे अनचाहे इधर उधर फैल रहा हो ।
समाचारों से हमें ज्ञात होता है कि ऐसे संक्रमण के दूरगामी परिणाम होते हैं । कुछ महिलाएं मातृत्व सुख प्राप्त कर पाने से भी वंचित रह जाती हैं और फिर शायद घरेलू यातना का शिकार भी बन जाती हैं । समाचारों से हमें यह भी ज्ञात होता है कि आर्थिक अभाव के कारण मासिक धर्म को ठीक से न संभाल पाने के कारण बहुत सी बालिकाएँ स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाती हैं और शिक्षा के अभाव में उनके जीवन में समुचित विकास नहीं हो पाता है और विकास का लाभ लेने से वंचित रह जाता है ।
मुझे यह सूचित करते हुए हर्ष हो रहा है कि समाज के प्रति अपने दायित्व को समझ कर उसका निर्वाह करते हुये और महिला स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को समग्र और सम्पूर्ण रूप में ध्यान करते हुये अग्निशक्ति योग ने प्रोजेक्ट V.SAFe शुरू किया है । इस प्रोजेक्ट का अनावरण और शुरूआत 22.मार्च.2019 को किया गया । इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत जो भी महिला अपना नाम हमारे पास रजिस्टर करवाएँगी उनको हम जीवन पर्यंत, 50 वर्ष की आयु तक पहुँचने तक, सैनिटरी नैप्किंस बिना कोई भी और किसी भी प्रकार का शुल्क या पैसा लिए बिकुल मुफ्त मुहैया करवाएँगे । हमारे साथ पंजीकृत Registered सभी महिलाओं को तीन महीने के लिए ये नैप्किंस हर तीन तीन महीने के पश्चात दे दिये जाएँगे । इस समय हमारा उद्देश्य है कि एक बार में हम कम से कम 90 महिला लाभार्थियों को हर माह लाभ पहुंचा सकें ।
मुफ्त सैनिटरी नैप्किंस पैड वितरण कार्यक्रम की विस्तृत शृंखला का पहला कार्यक्रम 03.मई.2019 शुक्रवार को 11:00am से 1:00pm तक 7-स्टार सुरभि हॉल में आयोजित किया गया । इसके लिए हमने 90 रजिस्टर्ड लाभार्थियों को आमंत्रित किया था ।
अग्निशक्ति योग ये मानता है कि “Charty must begin at Home” अर्थात परोपकार और दान का समस्त कार्य घर और हमारे आप पास और हमारे लिए काम करने वाले लोगों से ही शुरू होना चाहिए । इसलिए इस अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य का शुभारंभ हम इधर उधर जाकर नहीं बल्कि अपने प्रांगण से ही शुरू किया । हमारे घरों और सोसाइटी में कार्यरत महिलाओं से शुरू किया । शहर और समाज के कुछ मान्य व्यक्ति विशेष इस वितरण कार्यक्रम में आमंत्रित किए गए और उन्हीं के कर कमलों द्वारा यह वितरण का कार्यक्रम सम्पन्न किया गया । इस कार्यक्रम में उपयुक्त जलपान अल्पाहार का अभी प्रबंध किया गया था ।
90 लाभार्थियों को सम्पूर्ण सम्मान और अल्पाहार जलपान सहित, नियत जागरूकता और समग्र स्वास्थ्य के संदेश के साथ, एक अच्छे से समारोह का एक आयोजन करने का न्यूनतम खर्च लगभग रु.30,000/- हो जाता है, जिसमे नैप्किंस की खरीद और वितरण कार्यक्रम के संयोजन, आयोजन, प्रबंधन और क्रियान्वयन सम्मिलित हैं ।
हमें आशा ही नहीं सम्पूर्ण विश्वास है कि सामाजिक उत्थान के इस यज्ञ प्रयास में हमे आपका यथोचित सहयोग अवश्य मिलेगा और महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य के इस प्रोजेक्ट लिए आप हमें समुचित धनराशि अवश्य प्रदान करेंगे । हम आपके अत्यंत आभारी और ऋणी रहकर कृतज्ञ रहेंगे । सधन्यवाद ।