04/03/2026
जब इंसान इंसान का सहारा बनता है !!!
कुल्लू (भुंतर ) हिमाचल प्रदेश....
जिला कुल्लू के भुंतर क्षेत्र से एक कॉल प्राप्त हुई। बताया गया कि एक बुजुर्ग व्यक्ति काफी समय से एक रैन शेल्टर में रह रहे हैं। वे स्वयं अपनी देखभाल करने में सक्षम नहीं हैं और उनकी स्थिति बहुत ही खराब है। हमसे निवेदन किया गया कि कृपया उन्हें अपने वृद्धाश्रम में स्थान दिया जाए।
जानकारी लेने पर पता चला कि उनका नाम मान बहादुर है। वे लगभग 65 वर्ष के हैं, मूल रूप से नेपाल से हैं, और इस दुनिया में उनका कोई अपना नहीं है। उनके पास कोई पहचान पत्र भी नहीं है। वे कई दिनों से सही भोजन भी नहीं कर पा रहे थे, जिस कारण उनके शरीर में काफी कमजोरी आ गई थी।
स्थिति को गंभीर देखते हुए हमारी संस्था की अध्यक्षा प्रिंसी गुलेरिया जी और उपाध्यक्ष जितेंद्र राणा जी तुरंत कुल्लू के लिए रवाना हुए। जब वे वहां पहुंचे, तो जो दृश्य देखा वह बहुत ही पीड़ादायक था। जिस स्थान पर वे रह रहे थे, वह इंसानों के रहने योग्य बिल्कुल भी नहीं था। उनके कपड़ों से तेज दुर्गंध आ रही थी, शरीर कमजोर था और आंखों में एक अजीब सी बेबसी थी।
सबसे पहले हमने उनके लिए नए कपड़े लेकर गए, उन्हें साफ कपड़े पहनाए और प्राथमिक देखभाल दी। हमें सूचना देने वाले विकास जी, जो स्वयं नेपाल से हैं, उन्होंने भी इस नेक कार्य में हमारा पूरा सहयोग किया। हम उनका दिल से आभार व्यक्त करते हैं।
इसके बाद हम मान बहादुर जी को सुरक्षित रूप से जीवन सहारा ओल्ड एज होम लेकर आए। अब वे हमारे संरक्षण में सुरक्षित हैं। यहां उन्हें पौष्टिक भोजन, आवश्यक दवाइयां और नियमित स्वास्थ्य देखभाल दी जा रही है। हमारा प्रयास है कि उनकी सेहत में सुधार आए और वे अपने जीवन के इस पड़ाव को सम्मान और सुरक्षा के साथ जी सकें।
दोस्तों, सोचिए…
अगर वह एक कॉल हमें न आती, तो शायद आज भी वे उसी हालत में वहां पड़े होते।
कभी-कभी किसी की जिंदगी बदलने के लिए बहुत कुछ नहीं, बस एक संवेदनशील दिल और एक फोन कॉल ही काफी होती है।
हम आप सभी से विनम्र निवेदन करते हैं—
यदि कहीं भी कोई बुजुर्ग असहाय अवस्था में मिले, तो कृपया चुप न रहें। एक बार हमें जरूर संपर्क करें। हो सकता है आपकी एक पहल किसी के जीवन में नया सवेरा लेकर आए।
जीवन सहारा ओल्ड एज होम का उद्देश्य केवल आश्रय देना नहीं, बल्कि उन लोगों को परिवार देना है जिनका इस दुनिया में कोई नहीं है।
आइए, मिलकर मानवता का यह सफर जारी रखें।
धन्यवाद। 🙏
Contact - 01905246520, 082195 45971