29/07/2026
जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा एलिम्को के सहयोग से जिले के प्रत्येक खंड में दिव्यांग व्यक्तियों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सहायतार्थ 3 से 9 अगस्त तक दिव्यांग जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें आवश्यकता अनुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के उप अधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि शिविरों में ऐसे दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण किया जाएगा, जिन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, ट्राइसाइकिल, कृत्रिम अंग, बैसाखी, छड़ी सहित अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता है। जांच के उपरांत बाद में पुनः शिविर आयोजित कर इन उपकरणों का वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ये सभी उपकरण केवल उन्हीं दिव्यांग व्यक्तियों को निःशुल्क दिए जाएंगे, जिनकी मासिक आय 22,500 रुपये से कम है।
उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को सिरसा खंड के लिए रेडक्रॉस कार्यालय सामुदायिक केंद्र बरनाला रोड सिरसा में, 4 अगस्त को डबवाली के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय डबवाली में, 5 अगस्त को औढ़ां के लिए बीडीपीओ कार्यालय औढ़ां में, 6 अगस्त को ऐलनाबाद के लिए बीडीपीओ कार्यालय ऐलनाबाद में, 7 अगस्त को रानियां के लिए बीडीपीओ कार्यालय रानियां में, 8 अगस्त को नाथूसरी चौपटा के लिए बीडीपीओ कार्यालय नाथूसरी चौपटा में तथा 9 अगस्त को बड़ागुढ़ा के लिए बीडीपीओ कार्यालय बड़ागुढ़ा में दिव्यांग जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि दिव्यांग व्यक्तियों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए अपने साथ एक पासपोर्ट आकार का फोटो, दिव्यांग चिकित्सा प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की फोटो प्रति, यूडीआईडी कार्ड, परिवार पहचान पत्र तथा आय प्रमाण पत्र (सरपंच, नगर पार्षद, तहसीलदार अथवा राजस्व अधिकारी द्वारा प्रमाणित) लेकर आना होगा। वहीं, 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को श्रवण यंत्र, छड़ी आदि प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड तथा परिवार पहचान पत्र अथवा आय प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
उप अधीक्षक पवन कुमार ने जिले के सभी दिव्यांग व्यक्तियों एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित खंड में आयोजित शिविर में पहुंचकर जांच करवाएं और इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
DPR Haryana