08/09/2025
प्रेस नोट
तारीख: 8 सितंबर 2025
स्थान: कुल्लू, हिमाचल प्रदेश
टीम ‘सहभागिता’ ने बागन गांव का दौरा कर लिया आपदा से प्रभावित परिवारों का हालचाल
जिला कुल्लू के बागन गांव में हाल ही में हुए भूस्खलन और प्राकृतिक आपदा ने ग्रामीणों के जीवन को गहराई से प्रभावित किया है। इस घटना में कई मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे प्रभावित परिवार बेघर हो गए। फिलहाल इन्हें नजदीकी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बागन में अस्थायी रूप से शिफ्ट किया गया है।
ऐसे कठिन हालात में, टीम ‘सहभागिता’ और स्नो लैंड स्काउट्स ने संयुक्त रूप से गांव का दौरा कर वहां की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। टीम ने न केवल प्रभावित परिवारों से बातचीत की, बल्कि उनकी तत्काल आवश्यकताओं और भविष्य की चुनौतियों पर भी विस्तृत जानकारी जुटाई।
‘सहभागिता’ के अध्यक्ष बीजू हिमदल ने बताया कि संस्था ने आपदा राहत अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के अंतर्गत प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध करवाने की योजना बनाई गई है। संस्था ने दानी सज्जनों, स्वयंसेवकों और समाजसेवी संगठनों से सहयोग की अपील भी की है।
उन्होंने कहा कि, “इस संकट की घड़ी में हमारी प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाना है। बहुत जल्द आवश्यक सामग्री गांव में पहुंचाई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को असुविधा का सामना न करना पड़े।”
टीम ‘सहभागिता’ और स्नो लैंड स्काउट्स ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं होंगे। ऐसे में समाज के सभी वर्गों को आगे आकर सहयोग की भावना से हाथ बढ़ाना होगा, ताकि पीड़ित परिवार जल्द से जल्द अपने जीवन को सामान्य रूप से आगे बढ़ा सकें।
इस दौरान टीम सहभागिता के उपाध्यक्ष राज सिंघानिया,प्रोजेक्ट लीडर श्रवण कुमार,स्नो लैंड स्काउट्स के कौंसिल अध्यक्ष अमन भारती एवं अन्य सदस्य भी मौजूद रहे |