20/06/2026
आज लखनऊ मंडल यूनियन कार्यालय, चारबाग में वार्षिक मंडलीय परिषद बैठक का आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष कॉमरेड सुधीर तिवारी एवं मंडल मंत्री कॉमरेड विभूति मिश्र के नेतृत्त में आयोजित इस बैठक में मंडल एवं शाखाओं के सभी पदाधिकारियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में परम आदरणीय महामंत्री AIRF/NRMU कॉमरेड शिव गोपाल मिश्र तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला चेयरपर्सन कॉमरेड प्रवीणा सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
दीप प्रज्ज्वलन एवं यूनियन गीत के साथ बैठक का शुभारंभ हुआ। सर्वप्रथम मंडल मंत्री ने विगत एक वर्ष की मंडल की संपूर्ण कार्यप्रणाली तथा कर्मचारियों के ज्वलंत मुद्दों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इसके पश्चात सभी शाखा मंत्रियों को अपने-अपने शाखा कार्यों, सदस्यता अभियान एवं कार्यक्षेत्र की समस्याओं को रखने का अवसर प्रदान किया गया।
शाखा मंत्रियों ने अपने कर्मचारियों की समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा। इनमें पॉइंट्समैन एवं ट्रैकमैन के कार्य घंटों का मुद्दा, अधिकारियों का तानाशाही रवैया, रिस्क अलाउंस, रेलवे आवासों की जर्जर स्थिति एवं उनकी कमी, पदोन्नति में विलंब, लोको पायलटों की कठिनाइयाँ तथा अन्य अनेक महत्वपूर्ण विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे। महामंत्री जी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें संबंधित अधिकार क्षेत्रों में शीघ्र समाधान हेतु उठाने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में महामंत्री कॉमरेड शिव गोपाल मिश्र ने उपस्थित साथियों को संगठन के मूल सिद्धांतों, उसकी मजबूती तथा संगठनात्मक कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के संबंध में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने शाखा एवं मंडल पदाधिकारियों को जोनल स्तर से प्राप्त विभिन्न कार्यक्रमों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने हेतु निर्देशित भी किया।
इस बैठक में विशेष रूप से MCF सचिव कॉमरेड एल.एन. पाठक, जोनल सचिव कॉमरेड एस.यू. शाह, सहायक महामंत्री एवं जोनल यूथ सचिव कॉमरेड प्रीति सिंह, कारखाना मंडल मंत्री कॉमरेड अनूप बाजपेयी, ब्रिज मंडल मंत्री कॉमरेड शैलेन्द्र सिंह, लेखा मंडल मंत्री कॉमरेड उपेन्द्र सिंह, लखनऊ मंडल के पूर्व मंडल मंत्री कॉमरेड आर.के. पांडेय तथा कोऑपरेटिव बैंक चेयरमैन कॉमरेड राकेश कनौजिया जी की गरिमामयी उपस्थिति ने इस बैठक को अत्यधिक सुशोभित कर दिया।