20/04/2026
भाऊराव देवरस सेवा न्यास द्वारा ‘भाऊराव देवरस स्मृति सेवा सम्मान’
भाऊराव देवरस सरस्वती विद्या मंदिर, सेक्टर 12, नॉएडा में 19 अप्रैल 2026 को आयोजन :
भाऊराव देवरस सेवा न्यास द्वारा आयोजित भव्य ‘सार्वजनिक अभिनंदन एवं सम्मान समारोह’ में मानवता और राष्ट्र सेवा में समर्पित व्यक्तित्वों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आदरणीय आलोक कुमार जी (संघ के सह सरकार्यवाह) उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध समाजसेवी व KENT RO के सीएमडी डॉ महेश गुप्ता जी ने की।
जैविक खेती के विशेषज्ञों का सम्मान
इस वर्ष का प्रतिष्ठित ‘सेवा सम्मान’ दो प्रख्यात कृषि वैज्ञानिकों को प्रदान किया गया:
* श्री ओमन कुमार जी (केरल) : जैविक खेती एवं मृदा संरक्षण में उल्लेखनीय कार्य हेतु।
* श्री अमरनाथ जी (तमिलनाडु) : गौ-आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने एवं किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों हेतु।
मुख्य अतिथि श्री आलोक कुमार जी ने कहा, “परोपकार सबसे बड़ा पुण्य है और दूसरों को पीड़ा देना सबसे बड़ा पाप। रासायनिक खेती ने भूमि की उर्वरता को संकट में डाल दिया है, ऐसे में जैविक कृषि का कार्य राष्ट्र साधना के समान है।”
कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ महेश गुप्ता जी ने कहा कि हमें अपने पानी और अपनी भूमि को बचाने के लिए अपनी विभिन्न सुविधाओं के उपयोग करने को नियंत्रित करने की आवश्यकता है।
नॉएडा में कौशल विकास का विस्तार : न्यास पदाधिकारियों ने ‘समर्थ भारत’ अभियान के अंतर्गत नॉएडा में अत्याधुनिक कौशल विकास केंद्र प्रारंभ करने की घोषणा की।
* हिमांशु सिंघल (इनमॉर्फिस): एआई आधारित सॉफ्टवेयर क्षेत्र के युवा उद्यमी, जिन्होंने तकनीकी सहयोग व टीम संसाधन देने का संकल्प लिया।
* संजय कृपाल जी: बढ़ई एवं फर्नीचर निर्माण के विशेष प्रशिक्षण केंद्र की घोषणा, जिसमें प्रशिक्षित युवाओं को 100% रोजगार की गारंटी दी जाएगी।
32 वर्षों की सेवा: प्रभावशाली विरासत – कार्यक्रम में डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से न्यास द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा-कार्यों की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य: दिल्ली, ऋषिकेश, झज्जर स्थित एम्स सहित 6 प्रमुख अस्पतालों के पास ‘विश्राम सदन’ संचालित, जहां प्रतिदिन 2500 से अधिक मरीजों व परिजनों को आश्रय मिलता है।
शिक्षा: महामना शिक्षण संस्थान के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को निःशुल्क कोचिंग एवं छात्रावास सुविधा।
भविष्य की योजनाएं: ऋषिकेश में कैंसर रोगियों हेतु ‘पैलियेटिव केयर यूनिट’ तथा लखनऊ में नए विश्राम सदनों का निर्माण।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में विद्या भारती के ललित बिहारी जी गोस्वामी, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान जी, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष विमला बाथम जी, डॉ. कपिल त्यागी (सीएमडी, यथार्थ अस्पताल), अजय अग्रवाल जी, संघ में तीन विभागों से आये माननीय संघचालक सहित लगभग 450 गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
न्यास ने समाज के सज्जन नागरिकों से तन, मन और धन से इस सेवा कार्य में सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् के साथ हुआ।