05/04/2026
तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम का द्वितीय स्थापना दिवस गरिमामय वातावरण में संपन्न
“मानवता की सेवा ही सच्ची सेवा है, संतों का सानिध्य जीवन को सार्थक बनाता है” — डॉ. दिलीप जायसवाल
किशनगंज। तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (TPF) का द्वितीय स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। यह आयोजन पूज्य मुनिश्री डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार जी, मुनिश्री प्रशांत कुमार जी, मुनिश्री कुमुद कुमार जी एवं मुनिश्री पदम कुमार जी के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल की गरिमामय उपस्थिति रही, जिससे आयोजन को विशेष महत्व प्राप्त हुआ।
उल्लेखनीय है कि दो वर्ष पूर्व पूज्य मुनिश्री डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार जी एवं मुनिश्री पदम कुमार जी के सानिध्य में तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम का शुभारंभ हुआ था। उसी प्रेरणा के साथ संगठन ने अपने दो वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण करते हुए स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत फोरम के अध्यक्ष विनीत दफ्तरी के स्वागत भाषण से हुई। इसके पश्चात उदित सेठिया द्वारा पिछले दो वर्षों में फोरम द्वारा किए गए कार्यों का प्रभावी एवं विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों—कोमल चोरड़िया, यश बोकारिया, ईशा दुग्गड़, उज्ज्वल दुग्गड़ एवं ऋषिका बोथरा—को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. दिलीप जायसवाल का शॉल ओढ़ाकर, मोमेंटो एवं पुस्तक भेंट कर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर भिक्षु सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री राजकरण दफ्तरी ने उनका विशेष स्वागत करते हुए उन्हें “किशनगंज का गौरव” बताया और कहा कि उनकी उपस्थिति से क्षेत्र को गौरव एवं नई प्रेरणा मिलती है।
अपने संबोधन में डॉ. दिलीप जायसवाल ने संतों के सानिध्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “मानवता की सेवा ही सच्ची सेवा है। संतों का चरित्र वर्षों की कठोर तपस्या से बनता है और उनकी पावन दृष्टि प्राप्त होना जीवन को सार्थक बनाता है। संतों के वचन व्यक्ति के जीवन पर गहरा एवं सकारात्मक प्रभाव डालते हैं।” उन्होंने फोरम के कार्यों की सराहना करते हुए ऐसे संगठनों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
तत्पश्चात पूज्य मुनिश्रियों ने अपने प्रेरणादायक प्रवचनों से उपस्थित जनसमूह को मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में नेपाल-बिहार अध्यक्ष श्री चैनरूप दुग्गड़, तेरापंथ सभा के उपाध्यक्ष श्री मोहनलाल लूनिया, महिला मंडल अध्यक्षा श्रीमती सोनिया श्रीमाल, तेयुप अध्यक्ष श्री दिलीप सेठिया, पूर्व ABTYP महामंत्री श्री मनीष दफ्तरी तथा श्री कन्हैयालाल बोथरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रियंका दफ्तरी ने किया तथा अंत में शैली कुमारी द्वारा आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविका समाज की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन अत्यंत सफल, प्रेरणादायक एवं स्मरणीय बन गया।