27/01/2025
मैं याद करता हूं, जब एक नन्ही सी बच्ची बाबा साहेब की किताब को अपने छोटे-छोटे हाथों में थामे मेरे पास आई और समाज ने कैसे उसे उसके अधिकारों से वंचित रखा है, इसकी बात कहने लगी। उस बच्ची की आंखों में समझ का वह उजाला था, जो उसे एक किताब से मिला था। यह वह पल था, जिसने मुझे यह यकीन दिलाया कि ज्ञान और शिक्षा के माध्यम से हर बच्चा अपनी जिंदगी को बेहतर बना सकता है।
26 जनवरी को सीमांचल लाइब्रेरी फाउंडेशन की स्थापना के चार साल पूरे हो गए। इन चार वर्षों में हमने किताबों, शिक्षा, और लोकतंत्र की संवेदनाओं के बीज बोए और देखा कि वे बीज हमारे बच्चों के माध्यम से हरियाली की तरह फैल रहे हैं। बच्चों के भीतर ज्ञान, संवेदना, नए खोज, उदारता, एकता, समता, और समानता जैसे तत्वों को उनके भीतर भरते देखना, मुझे मेरे काम के प्रति और अधिक समर्पित और उत्साहित करता है।
इस 76वें गणतंत्र दिवस के मौके पर, हमने फातिमा शेख मेमोरियल स्कूल के उन बच्चों को सम्मानित किया जिन्होंने न केवल पढ़ाई में बल्कि व्यक्तिगत और सामूहिक चेतना को अपने भीतर उभारने का प्रयास किया।
फातिमा शेख मेमोरियल स्कूल, जिसे एक लाइब्रेरी-कम-स्कूल मॉडल के तहत शुरू किया गया है। बच्चों के समग्र विकास के लिए शिक्षा, किताबों, और सह-अध्ययन के माध्यम से एक नई दिशा दी है। इस मॉडल ने न केवल पढ़ाई को एक नया दृष्टिकोण दिया है, बल्कि बच्चों के भीतर लोकतांत्रिक मूल्यों और समानता की भावना को भी प्रबल किया है। यह सम्मान उन बच्चों के प्रयासों और उनकी अनगिनत संभावनाओं को सलाम करने का एक छोटा सा प्रयास था।