05/06/2026
आज दिनांक 05 जून 2026 को भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के 2-A, नवीन मार्केट स्थित कार्यालय में मालवा साम्राज्य की कुशल शासिका, न्यायप्रिया और धर्मपरायण वीरांगना अहिल्याबाई होल्कर की जयंती अत्यंत गौरव और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
इस गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री इंद्रजीत सिंह द्वारा की गई तथा मुख्य संयोजन मुकेश सिंह , अनिल उपाध्याय एवं साधु सिंह व नेतृत्व श्रीमती सुधा रानी जी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वीरांगना अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें संघ के तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
श्रीमती सुधा रानी जी ने अपने संबोधन में माता अहिल्याबाई होल्कर के महान कार्यों और उनके अनुकरणीय जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा:
"वीरांगना अहिल्याबाई होल्कर केवल एक कुशल शासिका ही नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, न्याय और जनकल्याण की साक्षात प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में न केवल न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि देश के कोने-कोने में शिक्षा, चिकित्सा, घाटों, तालाबों और प्रसिद्ध मंदिरों का जीर्णोद्धार कराकर भारतीय संस्कृति को संजोने का अभूतपूर्व कार्य किया। उनका जीवन आज की नारी शक्ति और संपूर्ण समाज के लिए प्रेरणापुंज है।"
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री इंद्रजीत सिंह ने भी उनके पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया और देश व समाज के प्रति उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। उपस्थित सभी सदस्यों ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।