08/09/2024
फैशन शो 27 से 29 सितंबर को पद्मावती थीम पर होगी कांसेप्ट वॉक, दिखाएंगे महिलाओं का जोश और हिम्मत देहरादून फैशन वीक में जाएंगी जोधपुर से पोशाकें
सिटी रिपोर्टर। मारवाड़ी पोशाकों के खूबसूरती की ख्याति मारवाड़ से निकलते हुए पहाड़ी राज्यों तक पहुंच रही है। देहरादून में इस महीने के अंत में होने वाले तीन दिवसीय देहरादून फैशन वीक में इस बार मारवाड़ी पोशाकें छाई रहेंगी।
इस शो में पद्मावती थीम पर एक रैंप वॉक होगी जिसमें जोधपुर के मारवाड़ी रजवाड़ी आउटलेट की डिजाइनर रश्मि मधुसूदन चौहान के डिजाइन की मारवाड़ी पोशाकें पहनकर मॉडल्स रैंप पर उतरेंगी। शो का कांसेप्ट इंटरनेशनल सेलिब्रिटी डिजाइनर और वीएंडके प्रोडक्शन के डायरेक्टर वैभव श्रीवास्तव ने इस शो का कांसेप्ट तैयार किया है। उन्होंने बताया
कि विभिन्न जगहों पर लड़कियों के साथ हो रहे अत्याचारों को सोच कर हम एक पद्मावती थीम पर कांसेप्ट वॉक दिखाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम चाहते थे कि हम पुरानी संस्कृति के बारे में जानें जब लड़कियां साहस के साथ चुनौतियां का सामना करने को तत्पर रहती थीं। उन्होंने कहा कि इस कांसेप्ट वॉक का उद्देश्य यही है कि जिस तरह पद्मावती ने अपने आत्मसम्मान के लिए लड़ाई लड़ी, उसी तरह आज की लड़कियों को भी आगे बढ़ना चाहिए और अपने लिए लड़ना चाहिए। इस कॉन्सेप्ट वॉक में
ऑडियंस को पद्मावती की पूरी कहानी दिखाएंगे। शो में फीमेल्स मॉडल्स की ड्रैसेज जोधपुर में रश्मि मधुसूदन चौहान तैयार कर रही हैं वहीं मेल मॉडल्स के लिए आगरा के डिजाइनर्स ड्रैसेज तैयार कर रहे हैं। शो की फीमेल शोस्टॉपर होंगी प्रियंका कुमावत, खुशी सेमवाल और मेल शो स्टॉपर कृष्णा सिंह होंगे।