02/10/2026
*झुंझुनूं प्रगति संस्थान की महिला विंग का पावन अभियान*
भगवान की मूर्ति, हवन सामग्री पीपल या वट वृक्ष के नीचे नहीं रखें- नीरजा मोदी
मोदी वर्ल्ड स्कूल में आस्था का सम्मान व स्वच्छता का अनूठा संगम
महात्मा गाँधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की पावन जयंती पर मोदी वर्ल्ड स्कूल में आस्था का सम्मान व स्वच्छता का अनूठा संगम देखने को मिला। झुंझुनूं प्रगति संस्थान की महिला विंग प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष एवं मोदी वर्ल्ड स्कूल मैनेजिंग डायरेक्टर नीरजा मोदी, विंग की सदस्या संगीता पाटोदिया, सरिता तुलस्यान एवं संगीता खण्डेलिया आज मोदी वर्ल्ड स्कूल पहुँची जहाँ स्कूल पदाधिकारियों द्वारा पुष्प-गुच्छ भेंटकर उनका शानदार स्वागत अभिनन्दन किया गया।
इसके पश्चात नीरजा मोदी ने सभी विद्यार्थियों को झुंझुनूं प्रगति संस्थान की महिला विंग के पावन अभियान को विस्तार पूर्वक बताया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हमारे घरों में साफ-सफाई के दौरान अनजाने में एक बड़ी भूल भी होती है। लोग घर से निकलने वाली पुरानी व खंडित भगवान की मूर्तियों, फोटो फ्रेम और हवन-पूजन सामग्री को पीपल या वटवृक्ष के नीचे रख आते हैं। समय के साथ यह पावन सामग्री कचरे में तब्दील होकर आस्था के अपमान का कारण बनती है। इसी त्रुटिपूर्ण परंपरा को बदलने और इस बार दीपावली को ‘‘पवित्र भी, स्वच्छ भी’’ बनाने के उद्देश्य से झुंझुनूं प्रगति संस्थान (जेपीएस) की महिला विंग ने ‘निर्वाणयम’ अभियान का बीड़ा उठाया है।
जेपीएस महिला विंग के अनुसार, पेड़ों के गट्टों पर पूजन सामग्री छोड़ना ईश्वर का सम्मान नहीं, बल्कि भ्रमवश किया जाने वाला आस्था का अनादर है। इस दीपोत्सव संस्था ने सभ्य समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे इस सामग्री को इधर-उधर फेंकने के बजाय अपने घरों, दुकानों और कार्यालयों में एक कार्टन या थैले में अलग से संग्रहित करें।
अभियान के तहत नागरिकों द्वारा एकत्रित की गई धार्मिक सामग्री को जेपीएस की ‘निर्वाणयम’ संग्रहण वैन खुद आकर कलेक्ट करेगी। इसके बाद संस्था इस पूरी सामग्री का सम्मानजनक और पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए इसे समान विचारधारा वाली सहयोगी स्वयंसेवी संस्थाओं तक पहुंचाएगी।
स्कूल डायरेक्टर आकाश मोदी ने इस पावन कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज को सुंदर, स्वच्छ व आध्यात्मिक बनाने के लिए आपकी विंग जो भगीरथ प्रयास कर रही है इसके लिए बहुत-बहुत साधुवाद! हम आपको विश्वास दिलाते हुए संकल्प लेते है कि इस पावन अभियान का अनुकरण कर इसे सफल बनाने में हम सभी आपका पूर्ण सहयोग करेंगे।
इस शानदार पहल के लिए स्कूल चेयरमैन डाॅ. दिलीप मोदी एवं स्कूल के सभी स्टाफ मैंबर्स ने झुंझुनूं प्रगति संस्थान (जेपीएस) की पूरी टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।