07/09/2026
06/09/2026 ( Sunday)
*श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य शोभायात्रा संपन्न, संत श्री कमला बाबा धाम में हुआ भव्य स्वागत*
अम्बेडकर नगर। नगर पंचायत किछौछा, बसखारी। भगवान श्री कृष्ण के जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में ग्राम सभा भेड़िया में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के अंतिम दिन भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा बाबा लाल दास ठाकुर जी मंदिर, भेड़िया से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए रसूलपुर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल संत श्री पं. कमला बाबा धाम पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद शोभायात्रा का समापन हुआ।
बताते चलें कि- पिछले लगभग 150 से अधिक वर्षों से निरन्तर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्राम सभा भेड़िया में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं धार्मिक वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम के प्रथम दिन भजन-कीर्तन, दूसरे दिन जागरण एवं विभिन्न झांकियों के साथ भव्य जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठजनों द्वारा फीता काटकर किया गया, जिसमें ग्राम सभा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन बाबा लाल दास ठाकुर जी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं से सुसज्जित शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। जगह-जगह स्थानीय लोगों द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया तथा पूजा-अर्चना की गई। शोभायात्रा रामसहाय जी के घर तथा रसूलपुर निषाद बस्ती से होते हुए संत श्री पं. कमला बाबा धाम लिए में पहुंची।
संत श्री कमला बाबा धाम पहुंचने पर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष श्याम जी महाराज तथा मंदिर के महन्त स्वामी श्री रामनयन दास जी महाराज एवं ट्रस्ट परिवार सहित सैकड़ों भक्तों द्वारा शोभायात्रा का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया। संत परिवार ने विधिवत आरती उतारी और जयकारों के बीच शोभायात्रा के पवित्र रथ को विदाई दी। इस दौरान पहुंचे अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का सन्त श्री कमला ब्रह्मदेव मंदिर ट्रस्ट परिवार द्वारा ससम्मान स्वागत एवं मुलाकात की गई।
इस विशेष अवसर पर कटेहरी विधानसभा के विधायक श्री धर्मराज निषाद जी भी श्री कमला बाबा धाम पहुंचे। उन्होंने विधिवत आरती में शामिल होकर समाधि स्थल के दर्शन किए तथा संत परिवार से मुलाकात कर धार्मिक आयोजन की जानकारी ली। इसके बाद सभी श्रद्धालु एवं अतिथि अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस भव्य शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।