25/07/2026
नलिनी शिक्षा छात्रवृत्ति योजना के पोस्टर का विमोचन
जयपुर। नलिनी फाउंडेशन, जयपुर द्वारा नलिनी शिक्षा छात्रवृत्ति योजना एवं नलिनी शिक्षा सहायता योजना 2026–27 के शुभारंभ हेतु पोस्टर का विमोचन जयपुर की सांसद मंजु शर्मा द्वारा 25 जुलाई को किया गया।
मंजु शर्मा ने फाउंडेशन द्वारा निर्धन बच्चों को दी जा रही छात्रवृत्ति तथा निःशुल्क संचालित किए जा रहे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की सराहना की।
नलिनी फाउंडेशन के कार्यकारी अध्यक्ष विनोद शर्मा ने बताया कि नलिनी शिक्षा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों, जिन्होंने बोर्ड की परीक्षा में न्यूनतम 90% अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वहीं नलिनी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत एकल अभिभावक, विधवा तथा दिव्यांग विद्यार्थियों को अध्ययन हेतु सहायता प्रदान की जाएगी।
फाउंडेशन के सचिव प्रभात माथुर ने बताया कि छात्रवृत्ति हेतु नलिनी फाउंडेशन की वेबसाइट www.nalinifoundation.org अथवा ऐप के माध्यम से 15 अगस्त 2026 तक आवेदन किया जा सकता है।
संस्था की शिक्षाविद् निकिता शर्मा ने सांसद मंजु शर्मा को संस्था की अन्य गतिविधियों, कंप्यूटर पाठ्यक्रम, सिलाई पाठ्यक्रम तथा ब्यूटी पार्लर पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। ये सभी पाठ्यक्रम निःशुल्क संचालित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद लक्ष्मण सिंह, संस्था के सदस्य श्रीकांत मेहता, अशोक कुमार, हर्षित कुमार आदि उपस्थित रहे।