29/07/2026
पीढ़ियों के बीच संवाद, सम्मान और अपनापन बढ़ाने की सार्थक पहल
जगदीशपुर के नयका टोला स्थित जन विकास क्रांति सभाकक्ष में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, भोजपुर के अंतर्गत केंद्र प्रायोजित अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) की राज्य कार्ययोजना के तहत “इंटर जनरेशन बॉन्डिंग एक्टिविटीज” विषय पर उन्मुखीकरण-सह-संवेदनशीलता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा (ADSS) अंजना कुमारी, जन विकास क्रांति के महासचिव डॉ. हिमराज सिंह और वरिष्ठ नागरिक निर्मल कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर रंगोली, पेंटिंग, निबंध लेखन तथा वरिष्ठ एवं जूनियर वर्ग की म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और देखभाल के प्रति जागरूकता फैलाते हुए सभी प्रतिभागियों ने बुजुर्गों की गरिमा और अधिकारों की रक्षा करने की शपथ ली।
इस विशेष अवसर पर ADSS अंजना कुमारी द्वारा जन विकास क्रांति के महासचिव डॉ. हिमराज सिंह को दिव्यांग सशक्तिकरण एवं वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कुमारी स्नेहा सिंह, अमन कुमार सोनी, अंकित कुमार, उमाशंकर सिंह, धनजी सिंह, मोहम्मद जावेद, विकास चौधरी और संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं एवं बच्चों ने भाग लिया।
यह आयोजन बुजुर्गों और नई पीढ़ी के बीच संवाद, आपसी समझ, सहयोग और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल रहा।