30/07/2026
श्री माहेश्वरी समाज महिला मंडल, अत्तापुर द्वारा भव्य ‘रंगीलो सावन हाट’ प्रदर्शनी का आयोजन
हैदराबाद, अत्तापुर।
श्री माहेश्वरी समाज महिला मंडल, अत्तापुर द्वारा 31 जुलाई 2026 शुक्रवार को सुगना गार्डन्स, अत्तापुर में भव्य "रंगीलो सावन हाट" प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
सावन के रंगों और पारंपरिक संस्कृति से सजे इस विशेष आयोजन का उद्देश्य सभी समाज की महिलाओं को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ समाज को एक मंच पर जोड़ना है। कार्यक्रम प्रातः 9:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक आयोजित होगा तथा सभी समाज के लोगों के लिए निःशुल्क प्रवेश रहेगा।
अत्तापुर में पहली बार इतने भव्य स्तर पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 100 से अधिक स्टॉल आकर्षण का केंद्र होंगे। प्रदर्शनी में डिज़ाइनर साड़ियाँ, कुर्तियाँ, बेडशीट्स, राखियाँ, ज्वेलरी, होम डेकोर, पोशाक, बच्चों के उत्पाद, ब्यूटी और स्किनकेयर उत्पाद, क्रोशिया एवं हस्तनिर्मित उत्पाद, कॉस्मेटिक्स, टैरो कार्ड रीडिंग एवं वास्तु परामर्श, चॉकलेट्स एवं गिफ्ट हैम्पर्स, अचार, मुखवास, पापड़, आटा-बेसन एवं ड्राई स्नैक्स और भी बहुत कुछ......
आयोजन में विभिन्न प्रतियोगिता का समावेश है । प्रतियोगिता में पुरस्कार रूप में शुद्ध सिल्वर आइटम प्रदान किया जाएगा। साथ ही ऑन-द-स्पॉट गेम्स भी आयोजित होंगे, जिनमें प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार जीतने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। शिविर में डेंटिस्ट, ENT विशेषज्ञ एवं जनरल फिजिशियन की सेवाएँ उपलब्ध रहेंगी, जहाँ उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं प्राथमिक चिकित्सा संबंधी मार्गदर्शन निःशुल्क प्रदान किया जाएगा।
श्री माहेश्वरी समाज महिला मंडल, अत्तापुर ने सभी समाज बंधुओं एवं शहरवासियों से इस अनूठे सावन उत्सव में परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। यह आयोजन खरीदारी, स्वाद, संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य जागरूकता और पारिवारिक मेल-मिलाप का अनोखा संगम साबित होगा।