03/08/2026
सावन माह में नारायणी वेलफेयर सोसायटी की भव्य धार्मिक यात्रा, श्रद्धालुओं ने किए प्रमुख तीर्थों के दर्शन
हिसार। सावन माह की पावन बेला में नारायणी वेलफेयर सोसायटी द्वारा एक भव्य धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में संस्था के सभी सदस्यों ने उत्साह, श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने किरमारा शिव मंदिर, अग्रोहा धाम, काजला धाम तथा तिरुपति बालाजी धाम में दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
पूरी यात्रा के दौरान भक्ति गीतों, शिव नाम संकीर्तन एवं आध्यात्मिक वातावरण ने सभी श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। तीर्थ स्थलों पर विधिवत पूजा-अर्चना कर सभी ने सावन माह के आध्यात्मिक महत्व को आत्मसात किया। यात्रा ने सभी सदस्यों के बीच आपसी प्रेम, सहयोग और संगठन की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती श्रुति गोयल ने बताया कि सावन माह भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। इस धार्मिक यात्रा का उद्देश्य केवल दर्शन करना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग एवं अनुशासन से यह आयोजन अत्यंत सफल एवं यादगार रहा।
संस्थापिका एवं अध्यक्ष डॉ. गुंजन गोयल ने कहा कि नारायणी वेलफेयर सोसायटी समाज सेवा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक मूल्यों के संरक्षण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। संस्था का उद्देश्य सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुँचाना है तथा भविष्य में भी समाजहित में इसी प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
यात्रा में शामिल सभी सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे अत्यंत सुखद, प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय बताया। सभी ने नारायणी वेलफेयर सोसायटी के इस सराहनीय प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।