06/07/2026
कला प्रतियोगिता बनी जनजागरण का महाअभियान, गौसंरक्षण, पर्यावरण एवं भारतीय संस्कृति का दिया सशक्त संदेश
हाथरस, 6 जुलाई 2026।
दून पब्लिक स्कूल, आगरा रोड, हाथरस में क्राइम फ्री इंडिया फोर्स founder chairman Shriman Shivraj Swaraj(अपराधमुक्त भारत) एवं द आर्ट ऑफ ह्यूमन बीइंग्स कंचन गुप्ता AMB लाइव के प्रमुख श्रीमान भानु शर्मा के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य रचनात्मक कला प्रतियोगिता एवं जनजागरण अभियान का आयोजन किया गया। यह आयोजन केवल एक कला प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारतीय संस्कृति, गौसंरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं मानवीय मूल्यों को समर्पित एक प्रेरणादायी जनआंदोलन के रूप में उभरकर सामने आया।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी कलाकृतियों के माध्यम से गौमाता संरक्षण, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, प्रकृति संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति के संदेश को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज को यह संदेश देना था कि भारत की आत्मा उसकी सनातन संस्कृति, करुणा, प्रकृति के प्रति सम्मान एवं जीव मात्र के प्रति प्रेम में निहित है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों संस्थाओं के संस्थापकों एवं पदाधिकारियों द्वारा फीता काटकर किया गया। तत्पश्चात भगवान श्री गणेश एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
क्राइम फ्री इंडिया फोर्स, हाथरस के जिला अध्यक्ष श्री राम गुप्ता एडवोकेट ने अपने संबोधन में कहा कि "गौमाता की पीड़ा हम सभी की पीड़ा है। गौवंश प्रकृति के संतुलन का आधार है। यदि स्वार्थवश गौवंश का निरंतर वध होता रहा अथवा दूध देने के बाद उन्हें निराश्रित छोड़ दिया गया, तो यह केवल गौवंश का ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का भी दुर्भाग्य होगा।"
द आर्ट ऑफ ह्यूमन बीइंग्स की संस्थापक कंचन गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि "हम अपने वास्तविक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वर्ण को खोकर भौतिकता के कचरे में भटक रहे हैं। ईश्वर की असीम कृपा है कि उन्होंने हमें भारतभूमि में जन्म दिया, जहाँ भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं गौसेवा, सात्विक जीवन, गुरुकुल शिक्षा एवं मानवीय मूल्यों का आदर्श प्रस्तुत किया। उनके जीवन से प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरणा लेकर अपने जीवन में करुणा, सेवा और सदाचार को अपनाना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा कि आज देश को बढ़ती अश्लीलता, नैतिक पतन एवं सांस्कृतिक विस्मृति से बचाने की आवश्यकता है। कला प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं, बल्कि जन-जन में सांस्कृतिक चेतना, नैतिक मूल्यों एवं जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संचार करना है।
कार्यक्रम के दौरान यह भी आह्वान किया गया कि मंदिरों एवं बड़े धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित धन का उपयोग केवल व्यक्तिगत स्वार्थों के लिए न होकर गौसंरक्षण, गौशालाओं के विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं समाजहित के कार्यों में किया जाना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक जीव-जंतु में ईश्वर का अंश विद्यमान है, इसलिए सभी प्राणियों के प्रति करुणा एवं सेवा का भाव ही सच्ची आध्यात्मिकता है।
प्रतियोगिता को जूनियर एवं सीनियर दो वर्गों में आयोजित किया गया। दोनों वर्गों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन-तीन प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। साथ ही द आर्ट ऑफ ह्यूमन बीइंग्स की ओर से गौबर से निर्मित भगवान श्री गिरधारी जी की मनोहारी प्रतिमा स्मृति-चिह्न स्वरूप विशिष्ट अतिथियों एवं इस जनआंदोलन के सहयोगियों को भेंट की गई।
कार्यक्रम की सफलता में विभिन्न विद्यालयों की कला शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। उन्होंने अपने-अपने विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को इस जनजागरण अभियान से जोड़कर इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।प्रतियोगिता में जूनियर एवं सीनियर दोनों वर्गों में दून पब्लिक स्कूल के प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। जूनियर वर्ग में द्वितीय स्थान पर राजेन्द्र लोहिया विद्या मंदिर के प्रतिभागी रहे, जबकि सीनियर वर्ग में द्वितीय एवं तृतीय स्थान रामचंद्र गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्राप्त किए।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में उत्साह, उमंग एवं रचनात्मक ऊर्जा देखते ही बन रही थी। नन्हे कलाकारों से लेकर वरिष्ठ प्रतिभागियों तक सभी ने अपनी कल्पनाशीलता, संवेदनशीलता एवं सृजनात्मक भावों को रंगों के माध्यम से कोरे कागज़ पर सजीव रूप में उकेरा।
इस अवसर पर क्राइम फ्री इंडिया फोर्स के लीगल एडवाइजर एवं प्रधानाचार्य श्री जे.के. अग्रवाल, जिला अध्यक्ष श्री राम गुप्ता एडवोकेट, जिला प्रभारी श्री रामकुमार गुप्ता, श्री महेंद्र सिंह कुशवाहा, श्रीमती मीना सिंह, डॉ. श्याम वर्मा, गरिमा राठी (कला अध्यापिका, दून पब्लिक स्कूल), मिस दिव्या, श्री मुकेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं संस्थाओं के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि कला को जनजागरण का माध्यम बनाकर गौसंरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, भारतीय संस्कृति एवं मानवीय मूल्यों के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा🇮🇳