06/12/2025
प्रेस विज्ञप्ति
मधुमिता एडु मेड फ़ाउंडेशन, जो फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडियन ब्लड डोनर्स ऑर्गेनाइज़ेशन्स (FIBDO) की सदस्य संस्था है, ने आज संसद के उच्च सदन राज्यसभा में The National Blood Transfusion Bill, 2025 प्रस्तुत करने के लिए माननीय सांसद (राज्यसभा) डॉ. अजीत माधवराव गोपचड़े के प्रति गहरी कृतज्ञता और सराहना व्यक्त की है।
यह ऐतिहासिक कदम भारत में स्वैच्छिक रक्तदान आंदोलन के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह FIBDO और देशभर के रक्तदाता संगठनों की उस महत्वपूर्ण माँग को पूरा करने की दिशा में अग्रसर है, जिस पर संगठन वर्षों से कार्य कर रहे हैं। लंबे समय से FIBDO देश की blood donation सेवाओं को आधुनिक, सुरक्षित और समान रूप से उपलब्ध कराने हेतु केंद्रीय कानून की आवश्यकता पर लगातार आवाज उठा रहा था।
MEM फ़ाउंडेशन के सदस्यों ने डॉ. गोपचड़े के निरंतर सहयोग और सकारात्मक भूमिका को सराहते हुए माना कि उनकी सक्रियता, समझ और सहयोगपूर्ण दृष्टिकोण ने इस महत्वपूर्ण बिल को सदन में प्रस्तुत कराने में अहम भूमिका निभाई है। संगठन ने इसे वर्षों की मेहनत, जागरूकता और स्वस्थ रक्त व्यवस्था की दिशा में साझा प्रयासों का परिणाम बताया है।
प्रस्तावित बिल देश में रक्त संग्रह, जाँच, भंडारण और वितरण के लिए एक सुदृढ़ राष्ट्रीय ढांचा तैयार करने की संभावना रखता है। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, स्वैच्छिक नि:शुल्क रक्तदान को प्रोत्साहन मिलेगा, नियम कानून मजबूत होगा और पूरे देश में सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त उपलब्ध होना आसान होगा।
संस्था ने स्पष्ट किया कि बिल का प्रस्तुत होना महत्वपूर्ण शुरुआत है, लेकिन आगे भी निरंतर प्रयास जारी रहेगी। FIBDO ने सभी राजनीतिक दलों तथा राज्यसभा और लोकसभा के सदस्यों से निवेदन किया है कि वे इस महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य विधेयक को शीघ्र पारित करने में सहयोग करें, क्योंकि यह असंख्य लोगों का जीवन बचाने और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में निर्णायक कदम साबित हो सकता है।
फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडियन ब्लड डोनर्स ऑर्गेनाइज़ेशन्स ने आश्वस्त किया है कि संगठन नीति-निर्माताओं, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और नागरिक समाज के साथ मिलकर इस बिल को कानून के रूप में लागू कराने तथा प्रभावी रूप से पूरे देश में लागू करवाने हेतु निरंतर कार्य करता रहेगा।
FIBDO के बारे में:
फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडियन ब्लड डोनर्स ऑर्गेनाइज़ेशन्स (FIBDO) पूरे देश के रक्तदाता संगठनों का एक संयुक्त नेटवर्क है, जो स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए समर्पित रूप से कार्य करता है।