16/04/2026
पक्षियों के लिए दया का संदेश: सकोरे लगाकर और मटके रखकर राष्ट्रीय महिला जागृति मंच एवं सर्व ब्राह्मण महिला एकता परिषद ने की सराहनीय पहल
नरसिंहपुर।
भीषण गर्मी के बीच जहां इंसान ही नहीं बल्कि बेजुबान पक्षी भी पानी के लिए तरस रहे हैं, ऐसे समय में संगठन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। श्रीमती विवेक पांडे, श्रीमती अरुणा दुबे एवं श्रीमती सुनंदा भट्ट के मार्गदर्शन में शहर के मध्य पुलिस लाइन पार्क एवं पुलिस लाइन मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर में पक्षियों के लिए सकोरे लगवाए तथा मंदिर परिसरों में पानी के मटके रखवाकर मानवता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर संस्था की पदाधिकारियों ने बताया कि बढ़ती गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। छोटे-छोटे प्रयास भी किसी जीव के जीवन को बचा सकते हैं। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे अपने घरों, छतों और आसपास के स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी और दाना अवश्य रखें। कार्यक्रम श्रीमती शालिनी दुबे, पूर्णिमा शुक्ला, वंदना तंतुवाय,सपना शर्मा,नीरा बुधौलिया, नंदिता चौबे, मंजू दुबे,शालू शर्मा, कीर्ति पालीवाल, दीप्ति दुबे, प्रीति गोस्वामी बहनों ने नियमित रूप से इन सकोरों और मटकों में पानी भरने का संकल्प भी लिया, ताकि यह सेवा निरंतर चलती रहे। इस पहल को देखकर स्थानीय नागरिकों ने भी संस्था की प्रशंसा की और इसे प्रेरणादायक बताया।
यह पहल न केवल सेवा का कार्य है, बल्कि जीवों के प्रति करुणा और संवेदनशीलता का एक सशक्त संदेश भी है।