17/01/2026
🇮🇳समर्थ भारत विचार गोष्ठी 2026 | कौशल विकास से समर्थ युवा, समर्थ युवा से समर्थ भारत 🇮🇳
दिनांक 15 जनवरी 2026 को समर्थ भारत द्वारा “कौशल विकास से समर्थ युवा, समर्थ युवा से समर्थ भारत” विषय पर एक प्रेरणादायी विचार गोष्ठी का सफल आयोजन NDMC कन्वेंशन सेंटर, संसद मार्ग, नई दिल्ली में किया गया। यह कार्यक्रम कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और युवा सशक्तिकरण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने वाला एक प्रभावी मंच सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम की गरिमा को मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती रेखा गुप्ता जी (माननीय मुख्यमंत्री, दिल्ली सरकार) ने अपनी उपस्थिति से बढ़ाया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कौशल विकास रोजगार, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता की सबसे सशक्त नींव है, और युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास एवं भविष्य के लिए तैयार रहने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. कृष्ण गोपाल जी (सह सरकार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने अपने विचार रखते हुए सेवा, अनुशासन, चरित्र-निर्माण एवं स्वावलंबन के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कौशल केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री मोतीलाल ओसवाल जी (सह-संस्थापक एवं अध्यक्ष, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज) ने युवाओं को उद्यमशील सोच, लक्ष्य-निर्धारण और वित्तीय अनुशासन अपनाने हेतु प्रेरित किया तथा कहा कि मार्गदर्शन, योजना और अवसर सफलता की दिशा को अधिक सुदृढ़ बनाते हैं।
इस अवसर पर श्री नंदकिशोर अग्रवाल जी (चेयरमैन, क्रिस्टल ग्रुप) एवं श्री ओम प्रकाश गोयल जी (अध्यक्ष, भाऊराव देवरस सेवा न्यास) की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बनाया।
इस सफल आयोजन ने समर्थ भारत के संकल्प को और मजबूत किया है कि हम निरंतर आत्मनिर्भर, कुशल एवं सशक्त भारत के निर्माण हेतु कार्य करते रहेंगे।