22/07/2026
पेसा ग्राम सभा एवं वन अधिकार फेडरेशन की अर्धवार्षिक बैठक आयोजित
21 जुलाई 2026 को प्रयास संस्था, द्वारा धरियावद ब्लॉक की 11 ग्राम पंचायतों के 34 गांवों के पेसा ग्राम सभा एवं वन अधिकार फेडरेशन की अर्धवार्षिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें 98 प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में सभी गांवों ने पिछले पाँच महीनों में पेसा कानून एवं वन अधिकार मान्यता अधिनियम के तहत हुई प्रगति, ग्राम सभाओं द्वारा पारित प्रस्ताव, संबंधित विभागों को दिए गए ज्ञापन, प्राप्त उपलब्धियों तथा सामने आ रही चुनौतियों को साझा किया। साथ ही पंचायतवार समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए साझा रणनीति तैयार की गई।
संभागियों ने चर्चा की पेसा ग्राम सभाओं के नियमित संचालन में कई चुनौतियाँ सामने आ रही हैं, जिससे ग्राम सभाओं की भूमिका कमजोर हो रही है और सामुदायिक वन अधिकारों के क्रियान्वयन में भी बाधाएँ आ रही हैं। इस पर विस्तृत चर्चा करते हुए ग्राम सभाओं को अधिक सशक्त, सक्रिय और संगठित बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के लिए कृषि सुधार, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग तथा आजीविका के नए अवसर विकसित करना आवश्यक है। इसके लिए नियमित ग्राम सभा बैठकें, प्रभावी योजना निर्माण और सामूहिक प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया गया।
साथ ही यह संदेश भी साझा किया गया कि संगठन की शक्ति से ही समुदाय अपने अधिकारों की प्रभावी आवाज़ उठा सकता है। व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ सामूहिक मुद्दों के समाधान के लिए ग्राम संगठनों को मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है।