22/02/2026
जन कल्याण शिक्षण प्रसार समिति, चित्रकूट (उत्तर प्रदेश)
बाल विवाह मुक्ति जागरूकता रथ यात्रा का शुभारंभ तहसील परिसर कर्वी से*
चित्रकूट, दिनांक 21 फरवरी 2026
जन कल्याण शिक्षण प्रसार समिति, चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत के सन्दर्भ में जागरूकता बैठक का आयोजन सांसद श्रीमती कृष्णा देवी पटेल जी की अध्यक्षता में तहसील परिसर कर्वी चित्रकूट में किया गया।*
कार्यक्रम की रुपरेखा एवं पृष्ठभूमि रखते हुए संस्था के सचिव शंकर दयाल ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान जस्ट राईट फॉर चिल्ड्रेन के सहयोग से पूरे भारत वर्ष में संचालित किया जा रहा है, जनपद चित्रकूट में जन कल्याण शिक्षण प्रसार समिति द्वारा इस कार्यक्रम को पिछले 1 वर्ष से जनपद में और विशेषकर विकासखण्ड रामनगर में बाल विवाह जागरूकता पर कार्यक्रम संचालित कर रही है।
शंकर दयाल ने यह बताया कि भारत सरकार द्वारा बच्चों के अधिकारों की रक्षा हेतु विभिन्न मंत्रालयों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद में जिलाधिकारी महोदय जी द्वारा विकासखण्ड मानिकपुर के ग्राम पंचायत कोठिलिहाई से शुरुआत की गई और महोदय के कुशल मार्गदर्शन पर ग्रामीण सुदूर अंचलों में जन चौपालों के माध्यम से सघनरूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहा है। इन्हीं प्रयासों की कड़ी में “100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” जन कल्याण शिक्षण प्रसार समिति चित्रकूट उत्तर प्रदेश द्वारा प्रारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य समुदाय स्तर पर व्यापक जनजागरूकता फैलाकर बाल विवाह की घटनाओं को रोकना एवं ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर 8 मार्च 2026 (अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस) से कुछ पंचायतों को चिन्हित करके 'बाल विवाह मुक्त पंचायत' घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण कई बार सरकारी योजनाओं और कानूनों की जानकारी लोगों तक नहीं पहुँच पाती। ऐसे में जागरूकता हेतु बाल विवाह मुक्ति रथ यात्रा एक सशक्त माध्यम के रूप में उभरती है। बाल विवाह मुक्ति रथ यात्रा के माध्यम से गाँव-गाँव जाकर जनसंवाद, पोस्टर, पम्पलेट, ऑडियो संदेश, शपथ कार्यक्रम तथा सामुदायिक बैठकें आयोजित की जायेंगी, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुँच सके। जागरूकता रथ यात्रा सामाजिक परिवर्तन की दिशा में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का एक प्रभावी प्रयास है। यह अभियान केवल कानून की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में मानसिकता परिवर्तन, बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा शिक्षा और सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने का भी माध्यम है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महोदया ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है, जो बालिकाओं के शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास में बाधा उत्पन्न करती है। इसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक एवं सक्रिय भूमिका निभानी होगी और सांसद जी द्वारा बाल विवाह न करने, न शामिल होने के सन्दर्भ में उपस्थित सभी लोगों को शपथ भी दिलाई गई।
उप जिलाधिकारी महोदया सुश्री पूजा साहू जी ने कहा कि प्रशासन बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि बाल विवाह की सूचना तत्काल प्रशासन अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें।
जिला प्रोबेशन अधिकारी महोदया ने बताया कि जनपद में पहली बार दिनांक 20 फ़रवरी 2026 को चाइल्ड हेल्पलाइन, नीति आयोग जिला समन्वयक सुश्री पूजा जी और जन कल्याण शिक्षण प्रसार समिति के सहयोग से जिला न्यायालय से बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम अन्तर्गत बाल विवाह के सन्दर्भ में इंजेक्शन आर्डर जारी करवाया गया है।
संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि रथ यात्रा के माध्यम से विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति समुदाय को जागरूक करना, बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना। यह रथ यात्रा आगामी दिनों में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर बाल विवाह उन्मूलन के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित करेगी।
बैठक के पश्चात् बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को साकार बनाने हेतु रथ यात्रा को *तहसील परिसर कर्वी से लोकप्रिय सांसद श्रीमती कृष्णा देवी पटेल जी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया गया।*
इस अवसर पर माननीय पूर्व मंत्री श्री शिवशंकर सिंह जी सहित उप जिलाधिकारी सुश्री पूजा साहू, तहसीलदार श्री चन्द्रकान्त तिवारी जी, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती प्रगति गुप्ता जी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री राकेश माथुर, क्षेत्राधिकारी नगर कर्वी श्री अरविन्द कुमार वर्मा जी, खंड विकास अधिकारी कर्वी श्रीमती महिमा विद्यार्थी, चाइल्ड हेल्पलाइन से परियोजना समन्वयक श्री विशेष त्रिपाठी जी एवं जिला प्रोबेशन कार्यालय से श्री सौरभ सिंह, श्रीमती प्रिया माथुर, वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी श्रीमती अर्चना साहू जी तथा संस्था के कार्यकर्ता श्री कमला शंकर शुक्ला, श्री आदित्य कुमार, श्री मुदित कुमार एवं श्री पुष्पेंद्र सिंह जी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।