12/09/2025
जब से मेरे देश के
कहलाते कुछ सभ्य लोगों ने
हमारे महुए के पेड़ को
असभ्य घोषित कर दिया है
और मेरे लोग
ख़ुद को असभ्य महसूस करने लगे हैं
तबसे मेरी मां महुए के फूल को
छूने से डरती है
मेरे पिताजी को महुआ नाम ही पसंद नहीं
तबसे मेरा भाई आंगन में महुए का पेड़ नहीं
तुलसी का पौधा लगाकर
अपने आपको सभ्य महसूस कर रहा है
जबसे मेरे देश के
कहलाते कुछ सभ्य लोगों ने
हमारे महुए के पेड़ को
असभ्य घोषित कर दिया है
और मेरे लोग
ख़ुद को असभ्य महसूस करने लगे हैं
तबसे अध्यात्म में जीने वाले मेरे लोग
पेड़ों से बात करने
नदी को पूजनीय मानने में
पहाड़ों की पूजा करने से
पुरखों के रास्ते चलकर
धरती को मां कहने से
कुछ शर्म सा महसूस कर रहे हैं
और अपनी पहचान को छिपाकर
असभ्यता से मुक्ति पाने
कोई ईसाई हो रहा है, कोई हिंदू
कोई जैन तो कोई मुसलमां हो रहा है
जबसे मेरे देश के
कहलाते कुछ सभ्य लोगों ने
हमारे महुए के पेड़ को
असभ्य घोषित कर दिया है
और मेरे लोग
ख़ुद को असभ्य महसूस करने लगे हैं
बाज़ार से नफ़रत करने वाले मेरे लोग
बाज़ार से घर भर रहे हैं
सभ्यता की हर वह चीज़
अपने हाथ से छूटने नहीं देते हैं
सभ्यता की सबसे बड़ी खोज -
'वैयक्तिकपन'
हर आदमी सीख रहा है
'स्व' से 'समाज' नहीं
'स्व' से 'स्वार्थ' समझ रहा है
जबसे मेरे देश के
कहलाते कुछ सभ्य लोगों ने
हमारे महुए के पेड़ को
असभ्य घोषित कर दिया है
और मेरे लोग
ख़ुद को असभ्य महसूस करने लगे हैं
अपनी भाषा में महाकाव्य, गाथा गाने वाले
मेरे लोग, बच्चों को अपनी भाषा छोड़
अंग्रेज़ी सिखाने लगे हैं
मातृभूमि के पेड़-पौधे, नदी, पहाड़
बच्चों के सपनों में नहीं आते हैं
हमारा हरेक बच्चा अमेरिका,
लंदन के सपने देख रहा है
जबसे मेरे देश के
कहलाते कुछ सभ्य लोगों ने
हमारे महुए के पेड़ को
असभ्य घोषित कर दिया है
और मेरे लोग
ख़ुद को असभ्य महसूस करने लगे हैं
~जितेन्द्र वसावा