09/04/2026
भूतपूर्व मुखिया स्व. श्री राम ओझा जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
रघुनाथपुर में भूतपूर्व मुखिया स्वर्गीय श्री राम ओझा जी की पुण्यतिथि अत्यंत श्रद्धा एवं भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर श्रीराम ओझा मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए। सभी ने उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण भी किया गया, जो स्व. ओझा जी के शिक्षा एवं समाजसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्व. ओझा जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक दूरदर्शी, कर्मठ एवं जनप्रिय नेता थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल में ग्राम विकास को नई दिशा प्रदान की। उनका जीवन त्याग, समर्पण एवं सेवा की मिसाल रहा है। उन्होंने सदैव समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का कार्य किया और समानता एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया।
वक्ताओं ने बताया कि स्व. ओझा जी ने सड़क, शिक्षा, जल-प्रबंधन, कृषि सुधार एवं महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी सोच थी कि “गाँव का विकास तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो।” ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने जिस विकास की नींव रखी उसे वर्तमान जनप्रतिनिधि संभाल नहीं पा रहे है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने एवं उनके सपनों के गाँव के निर्माण हेतु संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
श्रद्धांजलि सभा में समाजसेवी गोपाल सिंह, जदयू जिला मसचिव अजय उपाध्याय, भाजपा कला संस्कृति प्रकोष्ठ प्रदेश सह संयोजक शंभू चंद्रवंशी, पवन मिश्रा, अनिल मुखिया, मुहम्मद राजू, रवि कुमार, आकाश मिश्रा, राकेश कश्यप, मनोज चौधरी, संतोष साह, विकास पाराशर, सकील अहमद सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।