17/06/2026
युवा साथी सेवा संस्थान ने आयोजित किया पौधारोपण एवं श्रमदान कार्यक्रम
पौधारोपण अभियान से दिया हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हिण्डोली (बूंदी) 16 जून2026। अमावस्या के अवसर पर युवा साथी सेवा संस्थान द्वारा हिण्डोली ब्लॉक के त्रिशूल्या गांव में पौधारोपण एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
संस्थान के सचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन अभय सिंह मीणा ने बताया कि कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा सभी प्रतिभागियों ने उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। साथ ही श्रमदान के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाने का संदेश भी दिया गया।
संस्थान के महामंत्री तुलसीराम सैनी एवं महावीर प्रसाद सैनी ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण को कम करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
संस्थान के अध्यक्ष विकास पांचाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पौधारोपण जैसे कार्यक्रम न केवल हरियाली बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी विकसित करते हैं। संस्थान भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने “एक पेड़–एक जीवन” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
इस दौरान संस्थान के पदाधिकारी,सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण,महिलाएं एवँ बच्चें उपस्थित रहे।