21/02/2024
ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी के तत्वावधान में 25 फरवरी को मुसलमान शब बेदारी करके श्रद्धापूर्वक परम्परागत ढंग से मनायेंगे शब-ए-बारात, प्रदेश भर में मस्जिदों, ख़ानक़ाहों में होंगी सामूहिक दुआऐं
भोपाल। पवित्र इस्लामी पर्व शब-ए-बारात अकीदत के साथ देश भर में श्रद्धा एवं भक्तिपूर्ण माहौल में परम्परागत ढंग से ऑल इण्डिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी AIMTC के चैयरमेन क़ायद-ए-मिल्लत, पीरज़ादा अलहाज हज़रत डॉ. औसाफ़ शाह मीर खुर्रम मियाँ चिश्ती की क़यादत में राजधानी के मुसलमानों द्वारा भी 25 फरवरी 2024 को मनाया जाएगा। सभी मस्जिदों, ख़ानक़ाहों, दरग़ाहों, इमामबाड़ों, आस्तानों, कब्रस्तानों और क़रबला में जाकर लोग फ़ातेहाख़्वानी कर इबादत करेंगे तथा विश्व शांति सदभाव के साथ-साथ देश की खुशहाली ,तरक्की के लिए खुसूसी विशेष दुआऐं भी की जायेंगी।
ऑल इण्डिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी के प्रदेश महासचिव क़ाज़ी सैययद अनस अली चिश्ती ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शब-ए-बारात पर रात में सभी मुस्लिम बंदे अनेक मस्जिदों और अपने घरों में शब-बेदारी रतजगा कर इबादत करेंगे और दरग़ाहों ,क़ब्रस्तानों में जाकर अपने पूर्वजों एवं परिजनों की कब्रों पर दरूद फ़ातेहा पढ़ेंगे और वहाँ से लौटकर अपने-अपने मोहल्लों की मस्जिदों में ख़ुसूसी इबादत करने सहित नफ़िल नमाज़ें (विशेष नमाज़) और कुरान पाक पढ़ेगे। शब-ए-बारात में अनेक मुस्लिम पुरूष सारी रात ज़िकरे इलाही , नफलें पढ़ कर इबादत करेंगे और महिलाऐं और बच्चे भी घरों में दरूद पाक, कुरआन पाक की तिलावत कर इबादत करेंगे और यह सिलसिला अलसुबह तक जारी रहेगा। अनेक घरों में सेहरी,अफ्तारी और रोज़ा रखने का भी एहतेमाम किया जाएगा।
शबे बारात की फ़ज़ीलत के बारे में पीरज़ादा हज़रत डॉ. खुर्रम मियाँ चिश्ती ने बताया कि इस्लामी ऐतिहासिक मत के अनुसार शब-ए-बारात फ़ैसलों की रात मानी जाती है। इस रात में अल्लाह पाक हर व्यक्ति की दुआ को कु़बूल फरमाता है और उसके गुनाहों को माफ़ कर देता है, जो व्यक्ति भी अल्लाह पाक से जो कुछ भी मांगता है, उसे इस रात में मिल ही जाता है। यह भी बताया जाता है कि इस रात में फ़रिश्ते दुनिया के सभी बन्दों का साल भर का आमालनामा यानी लेखा-जोखा भी अल्लाह पाक़ के समक्ष पेश करते हैं, जिस पर अल्लाह पाक़ अपनी कुदरत से फ़ैसले फ़रमाता है और बंदो को खुशहाली, तंदरूस्ती और इनाम, दौलत, सेहत की नेमतों, रहमतों से नवाज़ता है।
उन्होंने बताया कि शब-ए-बारात के मौके़ पर देश भर के करोड़ों मुस्लिम लोगों द्वारा अक़ीदत और ईमान के साथ इस साल भी यहॉं इस पर्व को परम्परागत ढंग से मनाते हुए अपने घरों में मीठा हलवा, खीर, मिठाई इत्यादि पक़वान बनाकर फ़ातेहाख़्वानी करके ग़रीबों, भूखों, मोहताज़ों, विकलांगों को तक़सीम किया जायेगा तथा दरग़ाहों, खानकाहों पर और कब्रस्तानों में फ़ातेहाख़्वानी के भी आयोजन होंगे। उन्होंने बताया कि शहर की अनेक मस्जिदो, ख़ानक़ाहों,दरग़ाहों, इमामबाड़ों पर रोशनी चिरागां भी किया जाएगा तथा ग़रीबो,मोहताजों को मस्जिदों, दरग़ाहों, इमामबाड़ों और कब्रस्तानों पर गरीबों को ख़ैरात भी बांटी जायेगी। जबकि अनेक लोग रायसेन में स्थित महान सूफ़ी हज़रत ख्वाजा मुईनऊददींन हसन ग़रीब नवाज़ चिश्ती अजमेंरी र.अ. के जानशीन भान्जे हज़रत ख़्वाजा सैय्यद शरफ़उददीन पीर फ़तेहउल्ला शाह चिश्ती करम नवाज़ र.अ. की प्राचीन दरग़ाह शरीफ़ पर परम्परागत फ़ातिहाख़्वानी और ज़ियारत करने के लिए भी जायेंगे और रात भर इबादत करने के बाद सुबह वापस अपने-अपने घरों पर लौटेंगे। पीरज़ादा हज़रत डॉ. खुर्रम मियां चिश्ती ने सभी प्रदेशवासियों से शबे बारात का परमपरागत त्यौहार अक़ीदत के साथ सद्वभावपूर्वक मनाने की अपील की है।
भवदीय
क़ाज़ी सैय्यद अनस अली चिश्ती
महासचिव AIMTC ....