01/04/2026
हम रोज़ हनुमान चालीसा पढ़ते हैं।
कभी सुबह। कभी मंगल-शनिवार और कभी तब, जब मन टूट जाता है, हिम्मत जवाब दे देती है या जीवन में घना अंधेरा छा जाता है ।लेकिन एक बात अक्सर हम भूल जाते हैं—
पाठ करने से ज़्यादा ज़रूरी है-अर्थ को समझना।
“भूत-पिशाच निकट नहीं आवै, महावीर जब नाम सुनावै”
इस पंक्ति का असली मतलब क्या है? क्या आज के समय में भी कहीं भूत-पिशाच घूमते हैं? क्या कोई राक्षस बाहर जंगल से आकर हमें परेशान करेगा? नहीं।
आज के भूत-पिशाच दिखाई नहीं देते लेकिन महसूस होते हैं।
वे हमारे चारों ओर भी हैं और कुछ तो हमारे भीतर भी।
आज के भूत-पिशाच कौन हैं?
न आज कोई रावण उड़कर आ रहा है, न कोई मेघनाथ तीर चला रहा है, न किसी के सिर पर सींग हैं। आज के “राक्षस” दिखते नहीं, वे भावनाओं के रूप में हमारे मन पर हमला करते हैं।
ये भूत पिशाच हैं:
1. जलन —दूसरों की तरक्की देखकर दिल का जलना। यह वही भूत है जो हमारी शांति को खा जाता है।
2. तुलना —“वह इतना आगे कैसे निकल गया?” “मेरे पास वह क्यों नहीं है?” यह पिशाच धीरे-धीरे हमारे आत्मविश्वास को निगलता है।
3. अपमान—लोगों की बातें, कटाक्ष, टोकना—ये बाहरी राक्षस हमारे भीतर चोट करते हैं।
4. घृणा —नफरत की आग किसी और को नहीं जलाती बल्कि पहले आपको जलाती है।
5. हीनभावना —“मैं लायक नहीं हूँ, मुझसे नहीं होगा” यह सबसे खतरनाक राक्षस है —क्योंकि यह आपकी आत्मा को कमजोर कर देता है।
6. तनाव और चिंता—ये अदृश्य दैत्य हैं, जो रातों की नींद, मन की शांति और जीवन की रोशनी चुरा लेते हैं।
तो फिर समाधान क्या है? हनुमान चालीसा कैसे बचाती है? हनुमान चालीसा केवल मंत्र नहीं है—यह मानसिक कवच है।
“महावीर जब नाम सुनावै” का अर्थ है —जब मन में हनुमानजी का नाम जागता है, तो भीतर की शक्ति भी जाग जाती है।
जब हम हनुमानजी का स्मरण करते हैं—उनकी निडरता, उनका चरित्र,
उनका विवेक, उनकी विनम्रता और उनकी अपार शक्ति —हमारे भीतर सक्रिय हो जाती है।
और जब मन मजबूत होता है, तो आजके ये आधुनिक भूत-पिशाच—
जलन, तुलना, तनाव, अपमान, नफरत, आत्म-संदेह हमारे पास आने की हिम्मत नहीं करते।
क्योंकि यह पंक्ति “बाहरी दानव” नहीं हटाती, यह भीतरी दानवों को बेअसर करती है।
हनुमान चालीसा के पढ़ने से:
1. मन को स्थिरता मिलती है। बाहरी नकारात्मकता का असर कम होता है।
2. आत्मविश्वास बढ़ता है। भीतरी राक्षस भागने लगते हैं।
3. निर्णय लेने की क्षमता बढ़ती है। क्योंकि मन स्पष्ट होता है।
4. क्रोध और तनाव कम होता है। हनुमानजी का नाम अपने आप शांति लाता है।
5. सकारात्मक ऊर्जा आकर्षित होती है। जैसा मन, वैसा जीवन।
आज दुनिया शोर से भरी है—सोशल मीडिया की तुलना, जजमेंट, कटाक्ष, जलन,हेट कमेंट्स, आदि ।
लेकिन जब आप भीतर महावीर को जगा देते हैं, तो ये सभी नकारात्मक शक्तियाँ अपना रास्ता बदल देती हैं। वे आपके पास आना बंद कर देती हैं।
हनुमान चालीसा सिर्फ़ डर भगाने का मंत्र नहीं। यह अंदर बसे दानवों को शांत करने वाला विज्ञान है।
अगर आप रोज़ हनुमानजी का स्मरण करें, उनका नाम लें, उनकी ऊर्जा से जुड़ें तो कोई नकारात्मक शक्ति, कोई बुरा विचार, कोई जलन, कोई अपमान, कोई तनाव —आपके पास टिक ही नहीं सकता।
ये है—“भूत-पिशाच निकट नहीं आवै, महावीर जब नाम सुनावै” का आधुनिक अर्थ है 🚩
*श्री हनुमान जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं*🙏🚩