20/04/2025
संगत का प्रभाव कैरियर पर पड़ता है, छात्र नशेड़ियों की संगत से रहें दूर- अंगद सिंह
*********************************
नशीली दवाओं के दुरूपयोग की रोकथाम के लिए आयोजित हुआ नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम
*********************************
बाराबंकी। संगत का प्रभाव कैरियर पर पड़ता है, युवाओ की जैसी संगत होगी, वैसा ही वह कैरियर के मार्ग चुन लेते हैं। छात्रों को चाहिए कि वह नशेड़ियों की संगत कभी न करें क्योंकि नशेड़ी पहले आपको फ्री में नशा करना सिखाकर आपको लती बनाएगा। यह उदगार नेशनल इन्स्टीट्यूट ऑफ शोसल डिफेंस (एनआईएसडी) सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा जेबीएस इंस्टीट्यूट ऑफ़ कॉलेजेज, मालिनपुर रामसनेहीघाट में आयोजित ‘‘ एक युद्ध, नशे के विरूद्ध" नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम विषयक जागरूकता व शपथ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मा०सदस्य विधान परिषद श्री अंगद कुमार सिंह ने व्यक्त किये। एमएलसी ने आगे कहा कि देश मे सबसे पहले जो शराब की दुकान खुली वहां शराब बेचीं नही मुफ्त में बांटी गई थी,साथ मे बिरियानी भी मुफ्त में दी गई थी, कुछ लोग फ्री में मिल रही थी इसलिए शराब पीने लगे थे, कुछ दिन बाद धीरे से बिरियानी के दाम लेने लगे। जब काफी संख्या में लोग शराब के आदी बन गए तो शराब के भी दाम लेने लगे। आज शराब की दुकान कहीं भी खोली जाए, भीड़ वहां अपने आप जाती है,जबकि दूध बेचने वाले को घर घर डोरबेल बजाना पड़ता है। यह हमारे समाज की बिडम्बना है। समाज को सोचना होगा कि हम कहाँ जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम आयोजक संस्था को शुभकामनाएं देते हैं कि वह इतने महत्वपूर्ण विषय पर छात्रों को जागरूक कर रहें हैं। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ अखिलेश नारायण सिंह के आदेश पर मुख्य वक्ता के रूप
में पहुंचे नारकोटिक्स सेल के प्रभारी श्री अनूप कुमार शुक्ला ने बताया कि जनपद बाराबंकी में ड्रग्स के कारोबार को पुलिस नष्ट करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि बाराबंकी ड्रग्स के कारोबार का हब बन चुका था, पुलिस ने सख्त कार्यवाही करके दो वर्षों में 286 करोड़ का ड्रग्स नष्ट किया है। इससे जुड़ी सम्पत्तियों को कुर्क किया गया। उन्होंने बताया कि इस काम के लिये जिले में विशेष प्रकोष्ठ बनाये गए हैं, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जिसकी मॉनिटरिंग आईजी स्तर के अधिकारी कर रहें है, जनपद स्तर पर एएनटीएफ थाना खोले गए हैं, जो ड्रग्स में लिप्त लोगों पर सख्त कार्यवाई की जा रही है।
कार्यक्रम का संचालन हास्य व्यंग्य के रचनाकार श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव लल्लू ने किया। वहीं गीतकार साहब श्री नारायण शर्मा ने नशामुक्ति के लिए प्रेरणा गीत प्रस्तुत किये। कार्यक्रम का शुभारंभ एमएलसी ने दीप प्रज्वलित करके किया, और सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। प्राचार्य डॉ नीरजा सिंह, कु0 अंशिका, कु0 सुमन, अस्मिता, अंशिका राज, मंजीत कुमार, कालेज के निदेशक आकाश सिंह, संस्था के कार्यकर्ता रामकैलाश, पूनम रत्नाकर सहित कालेज के 110 छात्र छात्राओं ने बाराबंकी जिले को नशामुक्त करने की शपथ ली। इस मौके पर कालेज परिसर में पौधरोपण भी किया गया। कालेज की बीफार्मा की छात्रा तनु, शिवानी, नंदिनी साहू, नैनसी तिवारी, अंजनी कुमारी ने नशे से दूर रहने के लिए गीतों के द्वारा सन्देश दिया। आयोजक संस्था के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने कार्यक्रम में अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि नशीली दवाओं का दुरुपयोग रोकना चाहिए, छात्रों को संकल्प लेना होगा कि वे मादक पदार्थों को नही छुएंगे, और दुकान से कभी खरीदने नही जाएंगे। अंत मे अतिथियों को मोमेन्टो देकर सम्मानित करते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।