17/10/2026
अयोध्या बाल संस्कार केंद्र में कन्या पूजन एवं प्रसाद वितरण, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी जी ने बच्चों को दिया स्नेह और आशीर्वाद✍🏻
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर दि आयुष्मान फाउंडेशन अयोध्या द्वारा संचालित अयोध्या बाल संस्कार केंद्र में कन्या पूजन, मां दुर्गा की आराधना, पूजा-अर्चना, आरती एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अयोध्या के महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने पहुंचकर मां की पूजा-अर्चना एवं आरती में सहभागिता की और बच्चों को स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया।इस अवसर पर संस्था की ओर से बच्चों एवं कन्याओं के लिए खीर, पूड़ी और सब्जी के प्रसाद की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम को और विशेष बनाने के लिए समाजसेवियों ने भी सहयोग किया। आशीष कौर एवं इंदरप्रीत बेदी ने बच्चों के लिए केले उपलब्ध कराए, पुष्पेंद्र पांडेय ने पेंसिल एवं कॉपियां भेंट कीं, जबकि विशाल अग्रवाल ने सभी बच्चों के लिए थालियों की व्यवस्था की। बच्चों ने इन्हीं थालियों में प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के उपरांत थालियां अन्य आवश्यक सामग्री के साथ बच्चों को भेंट की गईं।दि आयुष्मान फाउंडेशन के संस्थापक पवन पटेल ने कहा कि शारदीय नवरात्रि के अवसर पर संस्था द्वारा संचालित सभी बाल संस्कार केंद्रों पर कन्या पूजन एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का माध्यम हैं।इस अवसर पर अयोध्या केंद्र की संचालिका इति सोनकर, सुरेंद्र कोरी, नवनीत मिश्रा, प्रशांत पांडेय, प्रमोद वर्मा, नीलम श्रीवास्तव एवं काजल सागर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
#नवरात्रि fans