23/09/2026
भारतीय युवा विद्यार्थी संगठन की मांग: तत्कालीन थाना प्रभारी पर नामजद मुकदमा दर्ज हो, निर्दोष ब्राह्मण परिवार का नाम मुकदमे से वापस लिया जाए
*राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा सक्षम सिंह योगी ने SDM पट्टी को सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी न होने पर धरना-प्रदर्शन का अल्टीमेटम*
पट्टी, प्रतापगढ़।
पट्टी कोतवाली में युवक की पुलिस अभिरक्षा के दौरान हुई संदिग्ध मृत्यु के मामले को लेकर भारतीय युवा विद्यार्थी संगठन (BYVS) ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा सक्षम सिंह योगी ने उपजिलाधिकारी पट्टी को ज्ञापन सौंपकर संगठन की मांगों से अवगत कराया।
BYVS ने मांग की है कि निर्दोष ब्राह्मण परिवार का नाम मुकदमे से वापस लिया जाए तथा पुलिस अभिरक्षा में हुई युवक की मृत्यु की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। संगठन का कहना है कि घटना के मूल तथ्य सामने लाने के बजाय किसी निर्दोष परिवार को मुकदमे में उलझाना उचित नहीं है।
संगठन ने यह भी मांग की है कि घटना के दौरान तत्कालीन थाना प्रभारी की भूमिका की जांच कर उनके विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाए।
BYVS का कहना है कि इस मामले में दर्ज मुकदमे को लेकर आम जनमानस में रोष व्याप्त है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार एवं संबंधित लोगों को आपसी मुकदमों में उलझाने के बजाय पुलिस अभिरक्षा में हुई मृत्यु के मूल प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा सक्षम सिंह योगी ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि संगठन की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती है, तो भारतीय युवा विद्यार्थी संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।
सक्षम योगी के साथ अनुज प्रताप सिंह,आदित्य प्रताप सिंह समेत तमाम युवा मौजूद रहे।
UP Police Pratapgarh Police MYogiAdityanath