08/05/2026
*रक्तदान के साथ मनाया गया विश्व रेडक्रॉस दिवस*
विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, शाखा-अम्बेडकरनगर द्वारा आयोजित एवं आरम्भ फाउंडेशन के संयोजन में संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुन्दर वर्मा जी, जिलाधिकारी महोदया श्रीमती ईशा प्रिया मैम, मुख्य विकास अधिकारी आनन्द शुक्ला सर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० संजय कुमार शैवाल सर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ० पी.एन. यादव महोदय, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संजय वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी/अध्यक्ष इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा-अम्बेडकरनगर श्रीमती ईशा प्रिया (IAS) ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है और समाज में सेवा, सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयास लोगों को मानवता के प्रति जागरूक करते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी/उपाध्यक्ष इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा-अम्बेडकरनगर डॉ० संजय कुमार शैवाल ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होता है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर अभियान चलाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की संयोजक एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा-अम्बेडकरनगर की चेयरमैन तथा आरम्भ फाउंडेशन की अध्यक्ष संध्या सिंह ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “मानवता की सेवा ही जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है। रक्तदान केवल रक्त का दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का संकल्प है।” उन्होंने कहा कि आरम्भ फाउंडेशन निरंतर समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संध्या सिंह अपने सामाजिक सरोकारों, जनसेवा एवं मानवता के प्रति समर्पित कार्यों के लिए प्रदेश ही नहीं बल्कि विभिन्न मंचों पर सम्मानित हो चुकी हैं। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र एवं उत्तराखंड के राज्यपालों तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित होना उनके सामाजिक योगदान एवं सेवा कार्यों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
रेडक्रॉस सोसाइटी सचिव डॉ० सर्वेश कुमार ने बताया कि शिविर में सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया तथा सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र, प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। शिविर में कुल 15 लोगों ने पंजीकरण कराया जिसमें 12 लोग रक्तदान कर महादानी बने जिसमें हिमांशु सिंह, उमेश कुमार पाण्डेय, पवन सोनी, गौरव, हरिगोविंद, कमर जहां, संदीप यादव, रामधारी, निखिल मोदनवाल, दुर्गेश कुमार,सोनी गुप्ता, इंदु है।
कार्यक्रम में पुष्पा पाल, बिपिन दुबे, बरकत अली, ॐ प्रकाश, रामनाथ, नीलम, संघमित्रा, खुशियाल आदि के अलावा रेडक्रॉस सोसाइटी एवं आरम्भ फाउंडेशन के पदाधिकारी, सदस्यगण, ब्लड बैंक टीम एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।