14/01/2026
*आगरा आवासीय दृष्टिबाधित विद्यालय में हर्षोल्लास व सेवा भाव के साथ मनाया गया मकर संक्रांति का पर्व*
आगरा। कालिंदी विहार स्थित आवासीय दृष्टिबाधित विद्यालय के प्रांगण में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मकर संक्रांति का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और सेवा भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। पर्व के मौके पर शहर के अनेक प्रमुख समाजसेवी विद्यालय पहुंचे और दृष्टिबाधित छात्र–छात्राओं के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवियों ने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सर्दी से बचाव हेतु कम्बल एवं गर्म वस्त्र भेंट किए। इसके अतिरिक्त बच्चों को पारंपरिक मकर संक्रांति व्यंजन खिचड़ी, रेवड़ी, गजक, मूंगफली के साथ-साथ बिस्किट, नमकीन, चॉकलेट, फल एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। उपहार और स्नेह पाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखते ही बन रही थी, वहीं पूरे परिसर में उल्लास का माहौल बना रहा।
समाजसेवियों ने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दृष्टिबाधित बच्चे समाज की मुख्यधारा का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें समान अवसर एवं सहयोग मिलना चाहिए। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी हरि शंकर बघेल, अनमोल अग्रवाल, सुनील कुमार बघेल, गौरव, अरुण, पूजा, मुक्कू, सुनीता कश्यप एवं डॉ. उदयवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के साथ समय बिताकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।
विद्यालय परिवार की ओर से संस्थापक जगन्नाथ सिंह बघेल, प्रधानाचार्य जाकिया बनो, अध्यापक नवीन कुमार, योगेश बघेल, अध्यापिका आशा कपूर, रेखा राजपूत तथा कर्मचारी रचना, रूबी, बाबू कुशवाह और योगेश कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। विद्यालय प्रशासन ने समाजसेवियों के इस सराहनीय और पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।