02/10/2026
गांव की तरक्की के लिए साथ आएं,चुनाव से पहले संवाद और सहमति को दें प्राथमिकता
आरक्षण की तस्वीर साफ होने के बाद गांवों में चुनावी तैयारियां तेज; परिवार से लेकर सर्व समाज तक संवाद और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील
श्रीगंगानगर.पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की सरगर्मियां तेज होने के साथ ही गांवों में संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। आरक्षण की लॉटरी के बाद विभिन्न पदों की तस्वीर साफ हो चुकी है और दावेदार भी अपनी तैयारियों में जुटने लगे हैं। ऐसे माहौल में राजस्थान बावरी समाज विकास संस्था ने समाज के लोगों से चुनावी प्रक्रिया को आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता और गांव के विकास के मुद्दों के साथ आगे बढ़ाने की अपील की है।
संस्था का कहना है कि गांव की सरकार केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि पूरे गांव के विकास और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी है। इसलिए उम्मीदवार तय करने से लेकर चुनावी तैयारियों तक परिवार, समाज और सर्व समाज के लोगों के बीच संवाद बनाए रखना जरूरी है। आपसी बातचीत से सहमति बनाने और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने की दिशा में अभी से प्रयास किए जाने चाहिए।
दावेदारी से पहले गांव और समाज की जरूरत समझें
संस्था ने अपील की है कि किसी भी गांव में चुनावी दावेदारी व्यक्तिगत विवाद या सामाजिक दूरी का कारण नहीं बने। जो व्यक्ति चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है, उसकी सामाजिक स्वीकार्यता, गांव के प्रति सोच, कार्यक्षमता, व्यवहार और सभी वर्गों के साथ संवाद जैसे पहलुओं पर सामूहिक चर्चा हो। उद्देश्य यह रहे कि चुनाव के बाद भी गांव का सामाजिक ताना-बाना मजबूत बना रहे।
त्याग और सहमति से मजबूत होगी एकजुटता
संस्था के अनुसार चुनावी प्रतिस्पर्धा लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन इसके कारण गांव का आपसी भाईचारा प्रभावित नहीं होना चाहिए। कहीं व्यापक सहमति बनाने के लिए किसी व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत दावेदारी से पीछे हटना पड़े तो ऐसे निर्णय भी गांव और समाज के व्यापक हित को ध्यान में रखकर संवाद के माध्यम से लिए जा सकते हैं।चुनाव के बाद सभी को एक ही गांव में मिल-जुलकर रहना है और विकास कार्यों में भागीदारी निभानी है। इसलिए चुनावी मतभेदों को स्थायी सामाजिक विवाद में बदलने से बचना और एकता, भाईचारे तथा विकास को प्राथमिकता देना जरूरी है। संस्था ने विशेष रूप से बावरी बाहुल्य गांवों में आपसी एकजुटता और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करने का आह्वान किया है।
महिलाओं को भी आगे बढ़ाने पर जोर
संस्था ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। ऐसे में पढ़ी-लिखी, जागरूक, मिलनसार और ग्रामीणों के काम आने वाली महिलाओं को भी आगे आने का अवसर मिलना चाहिए। महिलाओं की भागीदारी केवल प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्हें गांव के विकास से जुड़े निर्णयों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
पद नहीं, विकास का एजेंडा हो प्राथमिकता
संस्था ने गांवों में चुनावी चर्चा के साथ सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्वच्छता, कृषि, युवाओं के अवसर और महिलाओं की भागीदारी जैसे स्थानीय मुद्दों पर भी सामूहिक चर्चा करने की बात कही है। संस्था के अनुसार गांव का प्रतिनिधित्व केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीणों की समस्याओं को पंचायत स्तर तक मजबूती से पहुंचाने और उनके समाधान के लिए काम करने की जिम्मेदारी है।
राजस्थान बावरी समाज विकास संस्था, श्रीगंगानगर ने समाज सहित सर्व समाज के लोगों से शांतिपूर्ण, संवादपूर्ण और विकास केंद्रित चुनावी वातावरण बनाए रखने की अपील की है। संस्था का कहना है कि परिवार में संवाद, समाज में एकजुटता और गांव में सर्व समाज का साथ,इसी सोच के साथ पंचायत चुनाव को विकास का माध्यम बनाया जा सकता है।