24/08/2026
सोच बदलेगी तो समाज बदलेगा,बावरी समाज ने थामा बदलाव का हाथ
-शिक्षा, एकता और नशामुक्ति को बनाया बदलाव का मंत्र; हनुमानगढ़ में नई तहसील कार्यकारिणी गठित
हनुमानगढ़.राजस्थान बावरी समाज विकास संस्था के कार्यक्रम में मौजूद समाज के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि।
हनुमानगढ़.बदलाव की शुरुआत बड़े फैसलों से नहीं,बल्कि सोच में बदलाव से होती है। इसी उद्देश्य से राजस्थान बावरी समाज विकास संस्था की ओर से नई सोच, नई दिशा और समाज जागृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि अनुसंधान केंद्र के पास स्थित संस्था के जिला कार्यालय में रविवार को हुए कार्यक्रम में शिक्षा को बढ़ावा देने, सामाजिक कुरीतियों का त्याग करने, युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने पर मंथन किया गया।
तहसील अध्यक्ष विजय सिंह भाटी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सचिव कृष्ण चौहान, जिलाध्यक्ष लालचंद धांधल, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण लाल चौहान रावतसर, प्रीतम सिंह, संगरिया तहसील अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, रावतसर के पूर्व तहसील अध्यक्ष गोपीराम चौहान, राधा देवी सहित समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति की मजबूत नींव शिक्षा है। युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों से जोडऩा जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता और डॉ. बीआर आंबेडकर की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
नई कार्यकारिणी का गठन
संस्था के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण लाल चौहान की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई। हनुमानगढ़ तहसील इकाई में एडवोकेट विनोद कुमार को अध्यक्ष और अमरजीत सिंह को सचिव चुना गया। शेर सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जगदीश सिंह को उपाध्यक्ष, सुरजीत सिंह को उप सचिव, मुकेश कुमार को कोषाध्यक्ष, सुभाष कुमार व सुभाष भाटी को संगठन मंत्री तथा पवन कुमार राठौड़ को मीडिया प्रभारी चुना गया। जिला प्रतिनिधि के रूप में हरदेव सिंह, गुरजंट सिंह, विजय सिंह भाटी, भागीरथ चौहान और बलराम भाटी तथा प्रदेश प्रतिनिधि के रूप में हंसराज पंवार, लालचंद धांधल, जेईएन विनोद कुमार, एडवोकेट रोहित कुमार और प्रीतम सिंह का चयन किया गया।
13 सितंबर को श्रीगंगानगर में संभाग स्तरीय आयोजन
30 अगस्त को प्रस्तावित जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह स्थगित कर आगे आयोजित करने का निर्णय लिया गया। संभाग स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह तथा प्रदेश एवं जिला स्तरीय प्रतिनिधि सभा के माध्यम से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, अनूपगढ़ सहित अन्य इकाइयों के चुनाव के लिए रजत जयंती समारोह 13 सितंबर 2026 को श्रीगंगानगर में आयोजित किया जाएगा।